➤ पठियार में जैविक फार्म स्टे का उद्घाटन
➤ हिमाचल की पौराणिक शैली में तैयार पर्यटक केंद्र
➤ युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के लिए प्रेरणा
Himachal Tourism: हिमाचल प्रदेश पर्यटन निगम अब केवल सरकारी योजनाओं तक सीमित नहीं, बल्कि निजी क्षेत्र में भी युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान करने की दिशा में सक्रिय भूमिका निभा रहा है। इसी कड़ी में नगरोटा के पास पठियार गांव में एक जैविक फार्म स्टे का 16 जून को शुभारंभ किया गया, जिसका उद्घाटन पर्यटन निगम के अध्यक्ष कैबिनेट रैंक आर.एस. बाली ने किया।
इस फार्म स्टे का निर्माण स्थानीय युवा अमित सूद, पुत्र शोभा सूद ने अपनी मेहनत और स्थानीय संसाधनों के साथ किया है। आरएस बाली ने सूद परिवार को इस पहल के लिए बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह फार्म स्टे हिमाचल प्रदेश की पौराणिक स्थापत्य शैली का जीता-जागता उदाहरण है। इसमें मिट्टी के घर, स्लेट की छतें और लकड़ी का मिश्रण किया गया है, जो न केवल आधुनिक आराम देता है बल्कि प्राकृतिक रूप से शरीर के स्वास्थ्य के लिए भी लाभकारी है।
बाली ने कहा कि आज के समय में ऐसे होमस्टे प्रोजेक्ट्स न केवल पर्यटन को बढ़ावा दे रहे हैं, बल्कि स्थानीय युवाओं के लिए आय के स्थायी साधन भी बन रहे हैं। उन्होंने बताया कि होटल उद्योग में किए गए नियमों में बदलाव का ही परिणाम है कि हजारों युवा अब अपने घरों को होमस्टे में बदलकर आत्मनिर्भर बन रहे हैं। इस अवसर पर उन्होंने मुख्यमंत्री का आभार जताया कि उन्होंने इस क्षेत्र में युवाओं को अवसर प्रदान करने के लिए नीतियों को लचीला और प्रभावशाली बनाया।
पर्यटन निगम अध्यक्ष ने अपने दौरे के दौरान स्थानीय लोगों की शिकायतें और सुझाव भी सुने तथा उनका स्थल पर ही समाधान किया। उन्होंने अन्य युवाओं से भी अपील की कि वे स्थानीय संसाधनों और संस्कृति के आधार पर नए आयामों में आज़माएं और रोजगार के विकल्प तैयार करें।
इस अवसर पर मैनेजिंग डायरेक्टर राजीव कुमार, एसडीएम मुनीश शर्मा, प्रताप रियाड़, शोभा सूद, अमित सूद और अरुण कटोच विशेष रूप से उपस्थित रहे।



