➤ मंडी चौहाटा बाजार में करंट लगने से युवक की मौत
➤ केवल का कार्य करते समय हुआ हादसा, CCTV में कैद
➤ कर्मठ युवक की मौत से शहर में शोक की लहर
विपलव सकलानी, मंडी
हिमाचल प्रदेश के मंडी शहर के चौहाटा बाजार में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। सुबह के समय केवल का कार्य कर रहे एक स्थानीय युवक की बिजली का करंट लगने से मौत हो गई। हादसे का पूरा दृश्य सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है, जो अब सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक किसी भवन के बाहर केबल तार जोड़ने का कार्य कर रहा था, जब वह अचानक पास से गुजर रही बिजली की तार की चपेट में आ गया। बिजली का तेज झटका लगते ही युवक का संतुलन बिगड़ा और वह सिर के बल धड़ाम से सड़क पर गिर पड़ा। गिरने के बाद युवक लहूलुहान और अचेत हो गया।
स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उसे तुरंत क्षेत्रीय अस्पताल मंडी पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की पहचान एक मेहनती और ईमानदार कार्यकर्ता के रूप में की जा रही है, जो लंबे समय से केवल बिछाने के कार्य से जुड़ा हुआ था।
इस अचानक हुए हादसे से न केवल परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा, बल्कि पूरे मंडी शहर में शोक की लहर दौड़ गई। परिचितों और स्थानीय लोगों ने युवक को कर्मठ, सरल और जिम्मेदार बताया है। अब परिजन गहरे सदमे में हैं, जबकि शहरवासी इस हादसे से स्तब्ध हैं।
स्थानीय प्रशासन की ओर से घटना की जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और यह देखा जा रहा है कि कार्य स्थल पर सुरक्षा के मानक पूरे किए गए थे या नहीं। वहीं इस दर्दनाक हादसे को लेकर सुरक्षा मानकों की अनदेखी को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।



