➤ 23 जून को ऊना में होगा प्रदेश स्तरीय ओलंपिक दिवस
➤ नशे के खिलाफ मैराथन और खेलों का आयोजन
➤ वीरेंद्र कंवर ने युवाओं को खेलों से जुड़ने की अपील की
ज्योति स्याल
ऊना जिला 23 जून को प्रदेश स्तरीय ओलंपिक दिवस का केंद्र बनेगा। ओलंपिक संघ के प्रदेशाध्यक्ष वीरेंद्र कंवर ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य स्वस्थ भारत और नशा मुक्त समाज की दिशा में युवाओं को प्रेरित करना है। कार्यक्रम की तैयारियाँ शुरू कर दी गई हैं और जिला प्रशासन, खेल विभाग तथा विभिन्न स्वयंसेवी संगठनों के सहयोग से इसे सफल बनाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि सोमवार सुबह एमसी पार्क ऊना से लेकर इंदिरा मैदान तक मैराथन दौड़ आयोजित की जाएगी, जिसे जिलाधीश ऊना जतिन लाल और पुलिस अधीक्षक अमित यादव हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इसके पश्चात इंदिरा मैदान में विभिन्न खेलों का आयोजन किया जाएगा, जिसमें स्थानीय युवा, खिलाड़ी और स्कूली विद्यार्थी हिस्सा लेंगे।
कंवर ने कहा कि ओलंपिक दिवस केवल एक खेल आयोजन नहीं, बल्कि यह एक सामाजिक आंदोलन है, जिसका उद्देश्य है खेल संस्कृति को बढ़ावा देना, नशे के विरुद्ध जनजागरूकता फैलाना और युवाओं को रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ना। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे इस आयोजन में भाग लें और खेलों को अपने जीवन का हिस्सा बनाएं। खेलों के माध्यम से न केवल शरीर स्वस्थ रहता है, बल्कि मानसिक सशक्तिकरण और सामाजिक अनुशासन भी आता है।
इस कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया जाएगा कि नशे से दूरी और खेलों से नजदीकी ही एक सशक्त और जागरूक समाज की नींव रख सकती है। ओलंपिक संघ इस आयोजन को हर वर्ष और व्यापक रूप में मनाने के लिए कृतसंकल्प है।



