फिना सिंह डैम पर वरिष्ठ भाजपा नेता बिक्रम ठाकुर ने उठाए सवाल
बिना अनुभव वाली कंपनी को ठेका देना भ्रष्टाचार की पराकाष्ठा
सरकार से टेंडर रद्द करने और निष्पक्ष जांच की मांग
Barjeshwar Saki, देहरा
फिना सिंह बांध परियोजना को लेकर प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। अब इस मुद्दे पर वरिष्ठ भाजपा नेता, पूर्व मंत्री और वर्तमान विधायक बिक्रम ठाकुर ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए सरकार पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए हैं। ठाकुर ने कहा कि जल शक्ति विभाग द्वारा फिना सिंह डैम के लिए जारी किया गया 300 करोड़ का टेंडर पूरी तरह से पारदर्शिता और नियमों की अनदेखी का उदाहरण है।
बिक्रम ठाकुर ने स्पष्ट कहा कि यह अत्यंत चिंताजनक है कि बिना किसी प्रतिस्पर्धा के और अनुभवहीन कंपनी को इतनी बड़ी परियोजना सौंप दी गई। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि क्या यह जनधन से खिलवाड़ नहीं है? यदि विभाग में जॉइंट वेंचर की शर्त हटा दी जाती है और एक ही कंपनी को ठेका मिलता है, तो यह खुलेआम संविधान और वित्तीय नियमों का उल्लंघन है।
पूर्व मंत्री ने इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार इस घोटाले को रद्द कर नई टेंडर प्रक्रिया नहीं अपनाती तो भाजपा इसे विधानसभा से लेकर केंद्र सरकार और केंद्रीय एजेंसियों तक उठाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में विकास की आड़ में चहेतों को लाभ पहुंचाने की प्रवृत्ति चल रही है, जो पूरी व्यवस्था के लिए खतरा है।
बिक्रम ठाकुर ने मुख्यमंत्री से अपील की है कि इस प्रकरण में तत्परता से कार्रवाई कर जनहित की रक्षा करें। उन्होंने कहा कि फिना सिंह डैम जैसे बड़े और संवेदनशील प्रोजेक्ट के लिए केवल तकनीकी रूप से सक्षम और अनुभवी कंपनियों को ही अवसर दिया जाना चाहिए, अन्यथा यह परियोजना लोगों की सुरक्षा और राज्य के आर्थिक संसाधनों दोनों के लिए खतरनाक साबित हो सकती है।



