➤ भारी बारिश और मौसम खराबी से बढ़ी तलाश की चुनौती
➤ आदि हिमानी चामुंडा की पहाड़ियों में 6 दिन से लापता युवक की तलाश तेज
➤ ड्रोन और हेलीकॉप्टर से खोजबीन को तैयार जिला प्रशासन
शिवांंशु शुक्ला, धर्मशाला
Missing youth in Himani Chamunda:धर्मशाला से सटे आदि हिमानी चामुंडा मंदिर की दुर्गम पहाड़ियों में एक युवक नितिन बीते 6 दिनों से लापता है। यह मामला अब न सिर्फ स्थानीय प्रशासन बल्कि चंबा प्रशासन की मदद से भी गंभीरता से लिया जा रहा है। नितिन की तलाश के लिए पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें हरसंभव कोशिश में जुटी हैं, मगर मौसम की खराबी लगातार बाधा बन रही है।
जानकारी के अनुसार, नितिन अपने कुछ साथियों के साथ आदि हिमानी चामुंडा गया था। लेकिन लौटते वक्त वह जिया गांव के पास से गायब हो गया। उसकी लास्ट लोकेशन भी यहीं की ट्रेस हुई है। जबकि उसके साथ गए युवकों के मोबाइल फोन ऑन हो चुके हैं, नितिन का मोबाइल अब तक बंद है।

परिजनों ने आज जिलाधीश कांगड़ा हेमराज बैरवा से मुलाकात कर ड्रोन और हेलीकॉप्टर की मदद से तलाश करने की मांग की। डीसी ने आश्वासन दिया है कि जरूरत पड़ने पर एयरलिफ्ट या ड्रोन तकनीक से सर्च ऑपरेशन किया जाएगा। उन्होंने कहा, “प्रशासन की ओर से नितिन को ढूंढने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।”
ड्रोन सर्च ऑपरेशन की तैयारी हो चुकी है, लेकिन मौसम साफ होने का इंतजार है। खराब मौसम में दृश्यता कम होने से हवाई तलाशी नहीं की जा सकती। परिजनों ने डीसी के साथ नितिन की लास्ट लोकेशन की डिटेल भी साझा की है।
इस घटनाक्रम के बाद स्थानीय प्रशासन और ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है। दुर्गम हिमालयी क्षेत्र और अनिश्चित मौसम की वजह से हर पल हालात बदल रहे हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि इस रूट पर यात्रा करते समय पूरी तैयारी के साथ जाएं और मोबाइल सिग्नल की जानकारी भी साझा करें।



