Follow Us:

चिंडी में भाजपा की प्रोफेशनल मीट, मोदी युग को बताया परिवर्तन का युग

➤ चिंडी में भाजपा की प्रोफेशनल मीट, राकेश जमवाल बोले – यह मोदी युग है परिवर्तन और विश्वास का
➤ दीप राज ने कहा – मोदी सरकार की योजनाओं ने गांव-गांव में भरोसे की नींव रखी
➤ निहरी मंडल में भी आयोजित हुआ संकल्प सभा कार्यक्रम, कार्यकर्ताओं ने लिया ‘मेरा गांव भाजपा के साथ’ का संकल्प

विपलव सकलानी, मंडी


मंडी जिले के करसोग विधानसभा क्षेत्र के चिंडी में भारतीय जनता पार्टी द्वारा “विकसित भारत का अमृतकाल – सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के 11 वर्ष” विषय पर जिलास्तरीय प्रोफेशनल मीटिंग का आयोजन किया गया। इस संवादात्मक बैठक में डॉक्टर, वकील, शिक्षक, उद्यमी, व्यापारी, सामाजिक कार्यकर्ता और युवा पेशेवरों की भारी भागीदारी रही।

मुख्य वक्ता के रूप में पहुंचे भाजपा के मुख्य प्रवक्ता एवं सुंदरनगर के विधायक राकेश जमवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 11 वर्षों में देश ने अभूतपूर्व परिवर्तन देखा है। उन्होंने इस दौर को “परिवर्तन और विश्वास का युग” बताया। राकेश जमवाल ने कहा कि मोदी सरकार ने गरीब की आवाज़ को ताकत दी है और योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाया है।

उन्होंने बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ, जनधन योजना, उज्ज्वला योजना, नारी शक्ति वंदन अधिनियम और मातृत्व वंदना योजना जैसी महिला सशक्तिकरण की योजनाओं पर विशेष बल देते हुए कहा कि मोदी सरकार की नीति के केंद्र में महिलाएं रही हैं। इसके साथ ही युवा योजनाओं जैसे स्टार्टअप इंडिया, मुद्रा योजना, राष्ट्रीय शिक्षा नीति और कौशल विकास मिशन को आत्मनिर्भर भारत की दिशा में मील का पत्थर बताया।

राकेश जमवाल ने हाल ही में भारतीय सेना द्वारा चलाए गए ऑपरेशन सिंदूर का भी उल्लेख किया और इसे भारत की रणनीतिक क्षमता और निर्णायक नेतृत्व का प्रमाण बताया।

इस कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिला अध्यक्ष हीरा लाल ने की जबकि करसोग के विधायक दीप राज विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहे। दीप राज ने कहा कि मोदी सरकार की योजनाओं ने देश के हर गांव में विश्वास की नींव रखी है। उन्होंने कहा कि 11 वर्षों में केंद्र सरकार की जनधन योजना, आयुष्मान भारत, पीएम आवास योजना, स्वच्छ भारत अभियान, हर घर जल मिशन और किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं ने सीधे गरीब, किसान, महिला और वंचित वर्ग को सशक्त किया है।

इसी क्रम में भाजपा निहरी मंडल द्वारा भी संकल्प सभा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें बड़ी संख्या में स्थानीय कार्यकर्ताओं, ग्रामीणों और युवाओं ने भाग लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता दौलत चौहान ने की और इसमें विधायक राकेश जमवाल तथा दीप राज विशेष रूप से उपस्थित रहे।

विधायक दीप राज ने सभी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे मोदी सरकार की उपलब्धियों को घर-घर तक पहुंचाएं और 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाएं। कार्यक्रम के अंत में कार्यकर्ताओं ने एकस्वर में ‘मेरा गांव – भाजपा के साथ’ का संकल्प लिया।