Follow Us:

मंडी में शुरू हुआ एमएसएमई व्यापार मेला, उद्यमियों को मिलेगा मंच

पड्डल मैदान में शुरू हुआ एमएसएमई मंत्रालय की पीएमएस योजना के तहत व्यापार मेला
प्रदर्शनी का औपचारिक उद्घाटन 23 जून को करेंगे उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान
देशभर से आए उद्यमियों को विपणन और सरकारी योजनाओं की जानकारी देने का सुनहरा अवसर

विपलव  सकलानी, मंडी


मंडी के पड्डल मैदान में आज से सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम (एमएसएमई) मंत्रालय, भारत सरकार की खरीद एवं विपणन सहायता योजना (पीएमएस स्कीम) के अंतर्गत पांच दिवसीय प्रदर्शनी सह व्यापार मेला शुरू हो गया है। यह आयोजन 24 जून तक चलेगा, जिसमें राज्यभर और देश के अन्य हिस्सों से आए एमएसएमई उद्यमियों को अपने उत्पादों को प्रदर्शित, बेचना और प्रचारित करने का मौका मिलेगा।

एमएसएमई विकास कार्यालय, सोलन के सहायक निदेशक ग्रेड-1 एवं कार्यालय प्रमुख अशोक कुमार गौतम ने जानकारी दी कि इस मेले का उद्देश्य राज्य और देश के सूक्ष्म और लघु उद्यमियों को व्यावसायिक मंच उपलब्ध कराना है। इसके माध्यम से उन्हें न केवल अपने उत्पादों को प्रदर्शित करने बल्कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी भी प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।

मेले का औपचारिक उद्घाटन 23 जून को प्रदेश के उद्योग, संसदीय कार्य, श्रम एवं रोजगार मंत्री हर्षवर्धन चौहान करेंगे। इस अवसर पर धर्मपुर के विधायक चंद्रशेखर विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। यह कार्यक्रम पीएचडी चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री द्वारा हिमाचल प्रदेश औद्योगिक व्यापार एक्सपो के तहत आयोजित किया जा रहा है।

प्रदर्शनी का संचालन 20 जून से ही प्रारंभ हो गया है। इसमें देशभर से आए उद्यमी और स्टार्टअप्स अपने उत्पादों की प्रदर्शनी और बिक्री कर रहे हैं। पीएमएस योजना के अंतर्गत इन प्रतिभागियों को स्टॉल खर्चों की प्रतिपूर्ति (अधिकतम ₹80,000) दी जाएगी, जिससे वे बेझिझक अपने ब्रांड का प्रचार कर सकें।

इसके अतिरिक्त, 21 जून को एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा जिसमें भारतीय रिजर्व बैंक, सिडबी, एनएसआईसी-एससी/एसटी हब, गवर्नमेंट ई-मार्केटप्लेस (GeM), विभिन्न बैंकिंग संस्थान और राज्य उद्योग विभाग के प्रतिनिधि शामिल होंगे। इस दौरान उद्यमियों को सरकारी योजनाओं और वित्तीय अवसरों की जानकारी दी जाएगी तथा उनकी शंकाओं का समाधान किया जाएगा।

यह मेला स्थानीय व्यापार, हस्तशिल्प, नवाचार और स्टार्टअप को एक मंच पर लाकर उद्यमिता को बढ़ावा देने का प्रयास है, जो हिमाचल जैसे राज्य के विकास में बड़ी भूमिका निभा सकता है।