Follow Us:

कालका-शिमला फोरलेन अब पहुंचेगा रामपुर तक! जानें

➤ ढली से रामपुर तक फोरलेन सड़क निर्माण को मिली केंद्रीय सहमति
➤ विक्रमादित्य सिंह ने गडकरी से की थी दिल्ली में यह मांग
➤ भूभुजोत मार्ग को राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित करने का भी आग्रह

पराक्रम  चंद, शिमला


NH-5 Fourlane Expansion from Shimla to Rampur: कालका-शिमला फोरलेन सड़क परियोजना को लेकर एक महत्वपूर्ण अपडेट सामने आया है। अब यह फोरलेन मार्ग शिमला के ढली से आगे रामपुर तक विस्तारित किया जाएगा। इस आशय का पत्र केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने हिमाचल प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह को भेजा है। विक्रमादित्य सिंह ने इस पत्र की जानकारी देते हुए सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि इस दिशा में जल्द सकारात्मक परिणाम सामने आने वाले हैं।

विक्रमादित्य सिंह ने बताया कि उन्होंने हाल ही में दिल्ली दौरे के दौरान इस मुद्दे को गडकरी के समक्ष उठाया था। उन्होंने ढली से रामपुर तक एनएच-5 को फोरलेन में तब्दील करने की प्राथमिकता देने का अनुरोध किया था। इसके साथ ही उन्होंने भूभुजोत सुरंग और घटासनी-शिल्हा-बधानी-भूभुजोत-कुल्लू सड़क मार्ग को राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित करने की मांग भी की। उन्होंने इसे सामरिक दृष्टिकोण से अत्यंत महत्वपूर्ण बताया क्योंकि यह मार्ग सेना की आवाजाही और रक्षा सामग्री के परिवहन में सुविधा प्रदान करेगा। इससे यात्रा की दूरी भी लगभग 55 किलोमीटर कम हो जाएगी।

विक्रमादित्य सिंह ने आगे कहा कि उन्होंने प्रधानमंत्री गति शक्ति योजना में हिमाचल के 5 राष्ट्रीय राजमार्गों को शामिल करने की भी मांग की है। इसके अतिरिक्त उन्होंने सीआरएफ के तहत 130 करोड़ रुपए की राशि जल्द जारी करने और सीआरएफ की वार्षिक सीमा को 250 करोड़ रुपए करने की भी मांग की है। साथ ही उन्होंने राज्य में सुरंग निर्माण कार्यों को गति देने की बात भी केंद्रीय मंत्री से की।

फिलहाल कालका से शिमला तक फोरलेन निर्माण कार्य प्रगति पर हैसोलन तक निर्माण कार्य लगभग पूर्ण हो चुका है, वहीं सोलन से कैथलीघाट के बीच भी अधिकतर कार्य पूरा हो गया है। इसके बाद कैथलीघाट से शिमला (ढली) तक का कार्य तेज गति से किया जा रहा है। अब यह फोरलेन ढली से रामपुर तक आगे बढ़ेगा, जिससे पूरे क्षेत्र की कनेक्टिविटी में क्रांतिकारी सुधार होगा।