Follow Us:

राज्यपाल ने किया मुक्केबाजी प्रतियोगिता का शुभारंभ, बोले– खेल से ही मिटेगा नशा

  • शिमला रिज पर अंतरराष्ट्रीय मुक्केबाजी प्रतियोगिता का राज्यपाल ने किया शुभारंभ

  • ‘नशा छोड़ो-खेल खेलो’ अभियान के तहत आयोजित मुकाबलों में भारत समेत कई देश शामिल

  • राज्यपाल बोले खेलों से ही हिमाचल को नशामुक्त बनाया जा सकता है

पराक्रम चंद, शिमला


शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान में रविवार को अंतरराष्ट्रीय मुक्केबाजी प्रतियोगिता का भव्य उद्घाटन हुआ, जिसका शुभारंभ हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने किया। यह आयोजन ‘नशा छोड़ो-खेल खेलो’ अभियान के तहत किया गया, जिसमें भारत सहित अन्य देशों के मुक्केबाजों ने भाग लिया। आयोजन का उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रखते हुए खेलों की ओर प्रेरित करना है।

राज्यपाल ने इस अवसर पर कहा कि खेल केवल मनोरंजन या प्रतिस्पर्धा का माध्यम नहीं, बल्कि समाजिक परिवर्तन का सशक्त उपकरण हैं। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं को संदेश दिया कि वे खेलों को अपने जीवन का हिस्सा बनाएं क्योंकि यह उन्हें नशे जैसी बुराइयों से दूर रखने का सबसे अच्छा तरीका है। “एक स्वस्थ युवा ही एक मजबूत राष्ट्र की नींव रखता है,” उन्होंने कहा। उन्होंने हिमाचल को नशामुक्त रखने का आह्वान करते हुए कहा कि यह तय करना अब जनता के हाथ में है कि राज्य देवभूमि बना रहेगा या नशे की भूमि में बदल जाएगा।

राज्यपाल ने इस आयोजन को पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की स्मृति को समर्पित बताया। उन्होंने कहा कि वीरभद्र सिंह का जीवन, सेवा और विकास के प्रति समर्पण आज भी लोगों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। वे केवल एक राजनेता नहीं बल्कि “शिखर पुरुष” थे, जिनका योगदान राज्य के हर कोने में दिखता है।

राज्यपाल ने कार्यक्रम में उपस्थित लोकनिर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह की सराहना करते हुए कहा कि वे युवाओं को सही दिशा देने वाले ऐसे आयोजनों को बढ़ावा दे रहे हैं। इससे पहले उन्होंने भारत और रूस के मुक्केबाजों के बीच पहला मुकाबला भी देखा।

इस अवसर पर उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों में झारखंड उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश त्रिलोक चौहान, हिमाचल हाईकोर्ट के न्यायाधीश सुरेंदर मोहन गोयल, नगर निगम के महापौर सुरेंद्र चौहान, मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना, विधायक नंदलाल और हरीश जनारथा सहित कई अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल थे।

इस आयोजन का आयोजन हिमाचल प्रदेश पेशेवर मुक्केबाजी संघ द्वारा किया गया। संघ के अध्यक्ष मोहिन्द्र स्तान और महासचिव यदुपति ठाकुर ने राज्यपाल का स्वागत किया और सभी मेहमानों का आभार जताया।