-शूलिनी मेले की दूसरी सांस्कृतिक संध्या की अध्यक्षता डॉ. धनीराम शांडिल ने की
-मेला राष्ट्रीय स्तर पर घोषित होगा, मंत्री ने किया ऐलान
-नाटी किंग कुलदीप शर्मा व अन्य कलाकारों ने दर्शकों को खूब झुमाया
हिमानी ठाकुर, सोलन
हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में आयोजित राज्य स्तरीय माँ शूलिनी मेला 2025 की दूसरी सांस्कृतिक संध्या ऐतिहासिक ठोडो मैदान में बड़े उत्साह और सांस्कृतिक उल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा सैनिक कल्याण मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल ने सांस्कृतिक कार्यक्रम की अध्यक्षता की और उपस्थित जनसमूह को शूलिनी मेला की शुभकामनाएं दीं।

डॉ. शांडिल ने अपने संबोधन में कहा कि प्रदेश सरकार मेलों, उत्सवों और धार्मिक आयोजनों के माध्यम से हिमाचल की समृद्ध संस्कृति और परंपराओं को जीवित रखे हुए है। उन्होंने यह भी घोषणा की कि सरकार शीघ्र ही राज्य स्तरीय शूलिनी मेले को राष्ट्रीय स्तर का दर्जा देने की प्रक्रिया शुरू करेगी, जिससे इस मेले को और अधिक प्रतिष्ठा और पहचान मिलेगी।

दूसरी सांस्कृतिक संध्या में हिमाचल के प्रसिद्ध नाटी किंग कुलदीप शर्मा का कार्यक्रम विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। उनके साथ मंच साझा किया हिमाचल के चर्चित गायक नीतिन कुमार, दीपेश राही और अन्य कलाकारों ने, जिन्होंने अपने लोक संगीत और गीतों से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।

कार्यक्रम में नगर निगम सोलन की महापौर ऊषा शर्मा, पार्षदगण, जोगिन्द्र सहकारी बैंक के अध्यक्ष मुकेश शर्मा, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति निगम निदेशक मंडल के सदस्य जतिन साहनी, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शिव कुमार, उपायुक्त एवं राज्य स्तरीय मेला समिति के अध्यक्ष मनमोहन शर्मा, पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह, अतिरिक्त उपायुक्त राहुल जैन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजकुमार चंदेल समेत कई वरिष्ठ अधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। ठोडो मैदान में हजारों की संख्या में जुटे दर्शकों ने कार्यक्रम का भरपूर आनंद लिया।




