Follow Us:

यौन उत्पीड़न का आरोपों में फंसा शिक्षक गिरफ्तार, 24 छात्राओं ने की है शिकायत

सरकारी स्कूल के शिक्षक पर 24 छात्राओं ने उत्पीड़न के लगाए गंभीर आरोप
पुलिस ने आरोपी शिक्षक को किया गिरफ्तार, न्यायालय ने भेजा रिमांड पर
पोक्सो एक्ट और IPC की धाराओं में दर्ज हुआ मामला, जांच जारी

देवेंद्र सिंह, सिरमौर 



हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के राजगढ़ थाना क्षेत्र में एक सरकारी स्कूल के गणित शिक्षक पर यौन उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगे हैं। यह मामला उस समय उजागर हुआ जब स्कूल में आयोजित एक “शिक्षा संवाद” कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने साहस के साथ शिक्षक की हरकतों का खुलासा किया। जानकारी के अनुसार, स्कूल की 24 छात्राओं ने एक बैठक में शिक्षक के खिलाफ उत्पीड़न की शिकायतें दर्ज करवाईं, जिससे शिक्षा विभाग और स्थानीय प्रशासन में हड़कंप मच गया।

इस मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार किया है। साथ ही पोक्सो एक्ट (POCSO Act) और भारतीय दंड संहिता (IPC) की कई धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। अभिभावकों ने स्कूल परिसर में पहुंच कर प्रदर्शन किया और स्कूल प्रबंधन से कड़ी कार्रवाई की मांग की।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश रोल्टा ने मीडिया से बातचीत में पुष्टि की कि आरोपी शिक्षक को न्यायालय में पेश करने के बाद पुलिस रिमांड पर भेजा गया है और जांच हर पहलू से की जा रही है। उन्होंने कहा कि छात्राओं की शिकायतों को गंभीरता से लिया गया है और पीड़ित छात्राओं की काउंसलिंग सहित अन्य प्रक्रियाएं शुरू कर दी गई हैं।

पुलिस और शिक्षा विभाग की संयुक्त जांच से यह भी देखा जा रहा है कि क्या आरोपी शिक्षक पहले भी इस प्रकार की किसी गतिविधि में शामिल रहा है। राजगढ़ क्षेत्र के लोगों में इस घटना को लेकर भारी आक्रोश है और वे चाहते हैं कि इस तरह के मामलों में तत्काल और सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में कोई भी शिक्षक या अधिकारी इस तरह की हरकत करने से पहले सौ बार सोचे।

स्कूल परिसर में बनी यौन उत्पीड़न समिति की बैठक में छात्राओं ने शिक्षक की गंदी हरकतों को खुलकर बताया, जिससे यह मामला प्रकाश में आया। इसके बाद स्कूल प्रबंधन और स्थानीय प्रशासन पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं कि इस प्रकार की घटनाओं को पहले क्यों नजरअंदाज किया गया।