पुलिस ने शुरू किया सर्च ऑपरेशन, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड मौके पर
15 दिन के भीतर दूसरी बार ईमेल के जरिए धमकी मिलने से प्रशासन में हड़कंप
पराक्रम चंद, शिमला
हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में स्थित हिमाचल हाईकोर्ट को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिली है। यह धमकी ईमेल के माध्यम से भेजी गई, जो बीते 15 दिनों में दूसरी ऐसी वारदात है। सूचना मिलते ही पुलिस सतर्क हो गई और तुरंत सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया। साथ ही बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड को भी तैनात किया गया है, जो कोर्ट परिसर और आसपास के क्षेत्रों की गहन तलाशी ले रहे हैं।
ध्यान देने योग्य है कि 15 दिन पहले भी हाईकोर्ट को IED (इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) से हमला करने और मानव आत्मघाती बम की धमकी मिली थी। उस समय कोर्ट को खाली करवाना पड़ा था, लेकिन जांच में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला था। अब एक बार फिर ऐसी ही धमकी से सुरक्षा एजेंसियों की नींद उड़ी हुई है।
इससे पहले भी राज्य के कई अन्य प्रशासनिक संस्थानों को इसी तरह की धमकियाँ मिल चुकी हैं। मुख्य सचिव कार्यालय, हमीरपुर, कुल्लू, और कांगड़ा के डीसी ऑफिस भी बम से उड़ाने की धमकी का सामना कर चुके हैं। ऐसे में दोबारा हाईकोर्ट को निशाना बनाया जाना सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर प्रश्न खड़ा करता है।
फिलहाल पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने किसी भी आपात स्थिति से निपटने की पूरी तैयारी कर रखी है। संबंधित विभागों को अलर्ट पर रखा गया है और ईमेल की फॉरेंसिक जांच भी शुरू कर दी गई है ताकि इस धमकी के पीछे छिपे शरारती या असामाजिक तत्वों की पहचान की जा सके।



