Follow Us:

हिमाचल में 10 साल बाद होगी 700 होम गार्ड्स की भर्ती, 24 करोड़ का बजट स्वीकृत

हिमाचल सरकार 10 साल बाद 700 होम गार्ड्स की भर्ती करेगी
भर्ती से विभाग में स्टाफ की भारी कमी दूर होगी
24 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत, युवाओं को मिलेगा रोजगार

पराक्रम चंद, शिमला


हिमाचल प्रदेश सरकार ने दस साल बाद पहली बार होम गार्ड्स और सिविल डिफेंस विभाग में 700 नई भर्तियों की प्रक्रिया शुरू कर दी है। वर्ष 2015 के बाद अब पहली बार यह भर्ती की जा रही है। राज्य सरकार के प्रवक्ता ने जानकारी दी कि हाल ही में हुई कैबिनेट बैठक में इन पदों को भरने की मंजूरी दी गई है।

उन्होंने बताया कि विगत वर्षों में किसी भी प्रकार की भर्ती नहीं हुई, जिससे विभाग में मैनपावर की भारी कमी आ गई थी। इसका सीधा असर विभाग की तैनाती संबंधी मांगों को पूरा करने की क्षमता पर पड़ा, जिससे कई अन्य विभाग, बोर्ड और निगम प्रभावित हुए। प्रवक्ता ने कहा कि नए होम गार्ड्स वालंटियर्स की भर्ती न केवल विभाग की प्रभावशीलता बढ़ाएगी बल्कि राज्य के युवाओं के लिए रोजगार का भी अवसर प्रदान करेगी।

राज्य में होम गार्ड्स की कुल स्वीकृत संख्या 8000 है, लेकिन वर्तमान में सक्रिय जवानों की संख्या काफी कम है। विभाग को पुलिस और नागरिक प्रशासन के साथ मिलकर कई महत्वपूर्ण कार्य करने होते हैं, जिनमें कानून व्यवस्था बनाए रखना, यातायात नियंत्रण, चुनाव ड्यूटी, त्योहारों और बड़े आयोजनों में भीड़ प्रबंधन, और प्राकृतिक आपदाओं, दुर्घटनाओं व जंगलों में आग लगने की स्थिति में तुरंत प्रतिक्रिया देना शामिल है।

राज्य सरकार ने इस भर्ती के लिए 24 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत किया है, जिसमें मानदेय और अन्य संबंधित व्यय शामिल हैं। सरकार का उद्देश्य है कि मैनपावर को मजबूत करके विभाग की कार्यक्षमता बढ़ाई जाए, ताकि नागरिक सुरक्षा और समुदाय की सुरक्षा की बढ़ती जरूरतों को प्रभावी ढंग से पूरा किया जा सके।