Follow Us:

मंडी में शुरू हुई 7वीं जिला पेंचक सिलाट प्रतियोगिता, 110 खिलाड़ी मैदान में

मंडी में 7वीं जिला स्तरीय पेंचक सिलाट प्रतियोगिता का आयोजन शुरू
110 खिलाड़ियों ने विभिन्न भार वर्गों में लिया हिस्सा
अंडर-12 में निश्चय अवस्थी, देवेश सिंह और भार्गव ने जीते स्वर्ण पदक

विपलव सकलानी, मंडी


मंडी जिला पेंचक सिलाट एसोसिएशन द्वारा बैडमिंटन हॉल, पडडल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 7वीं जिला स्तरीय पेंचक सिलाट प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हुआ। इस प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह में नगर निगम मंडी के मेयर वीरेंद्र भट्ट शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम में एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रकाश चंद, वरिष्ठ उपाध्यक्ष पारस वैद्य, बृज लाल चौहान और राकेश कुमार समेत अन्य गणमान्य अतिथि मौजूद रहे।

मंडी जिला के विभिन्न स्कूलों और क्लबों से आए 110 खिलाड़ी इस प्रतियोगिता में भाग ले रहे हैं। प्रतियोगिता का उद्देश्य जिले में मार्शल आर्ट की इस विशेष विधा को बढ़ावा देना और प्रतिभाओं को राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर अवसर प्रदान करना है।

प्रतियोगिता के अंडर-12 आयु वर्ग में 24 किलोग्राम भार वर्ग में निश्चय अवस्थी ने स्वर्ण, आयान शर्मा ने रजत, जबकि युवान सैनी और प्रद्युम्न ने कांस्य पदक अपने नाम किए। 26 किलोग्राम भार वर्ग में देवेश सिंह ठाकुर ने स्वर्ण पदक, स्वस्तिक ठाकुर ने रजत, और दिव्यांश ने कांस्य पदक जीता। वहीं 28 किलोग्राम भार वर्ग में भार्गव ने स्वर्ण, आयान कश्यप ने रजत, और शात्विक वर्मा ने कांस्य पदक प्राप्त किया।

एसोसिएशन के महासचिव जोगिंद्र सिंह आज़ाद ने बताया कि यह प्रतियोगिता जिले में पेंचक सिलाट खेल को लोकप्रिय बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। अगले चरणों में विजेताओं को राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए चयनित किया जाएगा।