➤विभिन्न योजनाओं में धांधली की जांच के आदेश दिए
➤SDM को जांच कर पात्र लोगों को लाभ दिलाने के निर्देश
➤मॉनसून को लेकर अधिकारियों को अलर्ट रहने का आदेश
हिमाचल प्रदेश सरकार में उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने सिरमौर जिला में ब्लॉक स्तर पर विभिन्न योजनाओं में हो रही अनियमितताओं पर कड़ा रुख अपनाया है। नाहन में आयोजित 20 सूत्रीय कार्यक्रम की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए मंत्री ने स्पष्ट कहा कि पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ नहीं मिल रहा है। बैठक में समिति से जुड़े कई गैर सरकारी सदस्यों ने भ्रष्टाचार और धांधली के मामलों का जिक्र किया।
मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने इस पर चिंता जताते हुए संबंधित क्षेत्रों के एसडीएम को जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा कि ब्लॉक स्तर पर योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता सुनिश्चित की जाएगी और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होगी। मंत्री ने बताया कि विभिन्न विकासात्मक योजनाओं की समीक्षा के दौरान सभी विभागों का कार्य संतोषजनक पाया गया है।
उन्होंने फॉरेस्ट क्लीयरेंस से जुड़े मामलों में तेजी लाने के निर्देश भी दिए हैं, क्योंकि कई परियोजनाएं क्लीयरेंस न मिलने से रुकी पड़ी हैं। बैठक में मंत्री ने मानसून सीजन को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने लोक निर्माण विभाग और जल शक्ति विभाग के अधिकारियों को अलर्ट मोड पर रहने को कहा ताकि किसी भी आपदा या कठिनाई का समय रहते समाधान किया जा सके।
मंत्री ने यह भी बताया कि सिरमौर जिला में परिवहन विभाग द्वारा कुछ बस रूट बंद किए गए हैं, जिनमें से महत्वपूर्ण रूट को बहाल करने का मामला सरकार के समक्ष रखा जाएगा। बैठक में विधानसभा उपाध्यक्ष विनय कुमार, सांसद सुरेश कश्यप, विधायक सुखराम चौधरी और अजय सोलंकी भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
मंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य योजनाओं को पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाना और विकास की गति को और तेज करना है।



