Follow Us:

हिमाचल में एनएचएआई अफसर पर हुए हमले पर गडकरी सख्त, बोले- लोकतंत्र पर हमला बर्दाश्त नहीं, सुक्‍खू मंंत्री पर करें कार्रवाई

 -गडकरी ने हमले की कड़ी निंदा की

-मुख्यमंत्री से त्वरित कार्रवाई की मांग उठाई

-लोकसेवक पर हमला लोकतंत्र पर हमला बताया


केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने हिमाचल प्रदेश में नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) के मैनेजर अचल जिंदल पर हुए हमले की कड़ी निंदा की है। उन्होंने इसे कानून व्यवस्था और लोकतांत्रिक मूल्यों पर सीधा प्रहार बताया है। अपने आधिकारिक ट्वीट में गडकरी ने कहा कि यह निहायत घिनौना हमला एक ऐसे लोकसेवक पर किया गया जो अपनी आधिकारिक ड्यूटी का पालन कर रहा था। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाएं व्यक्तिगत सुरक्षा के साथ-साथ संस्थागत मर्यादा और साख को भी गहरा नुकसान पहुंचाती हैं।

गडकरी ने ट्वीट में साफ लिखा कि उन्होंने इस मामले का गंभीर संज्ञान लिया है और इस संदर्भ में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से बात कर तत्काल और उदाहरणीय कार्रवाई की मांग की है। गडकरी ने कहा कि जवाबदेही सुनिश्चित करना और दोषियों को सजा दिलाना जरूरी है, ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति या समूह इस तरह की हरकत करने का दुस्साहस न कर सके।

शिमला में मंत्री अनिरुद्ध सिंह के खिलाफ FIR, NHAI अधिकारी ने लगाए आरोप

यह मामला सोमवार को शिमला के भट्ठाकुफर इलाके में NHAI के अधिकारियों की पिटाई से जुड़ा है। शिकायत के अनुसार पंचायती राज मंत्री और उनके समर्थकों ने दो अधिकारियों के साथ मारपीट की, उन्हें कमरे में बंद किया और बाहर भी पीटा गया। हमले में दोनों अधिकारी घायल हुए और फिलहाल अस्पताल में भर्ती हैं। इस घटना को लेकर प्रदेश की राजनीति में भी घमासान मचा हुआ है। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर समेत विपक्षी दलों ने सरकार पर कानून व्यवस्था की विफलता का आरोप लगाया है।

गडकरी ने दो टूक कहा कि इस तरह के हमलों के प्रति किसी भी प्रकार की ढिलाई लोकतांत्रिक संस्थाओं की नींव को कमजोर करेगी। उन्होंने जोर देकर कहा कि इस मामले में त्वरित और निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और दोषियों को कड़ी सजा मिलनी चाहिए।