➤केंद्र ने जलोड़ी जोत सुरंग को सैद्धांतिक मंजूरी दी
➤1,452 करोड़ सुरंग और 135 करोड़ झाकड़ी पुल के लिए स्वीकृत
➤3,667 करोड़ की वार्षिक योजना को भी मिली मंजूरी
हिमाचल प्रदेश के लिए एक बड़ी सौगात सामने आई है। केंद्र सरकार ने कुल्लू जिले में राष्ट्रीय उच्च मार्ग 305 के तहत जलोड़ी जोत दर्रे के नीचे सुरंग निर्माण को सैद्धांतिक मंजूरी प्रदान कर दी है। इस परियोजना के लिए 1,452 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। इसके अलावा रामपुर के झाकड़ी में ब्रौनी खड्ड पर पुल निर्माण के लिए भी 135 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई है।
लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए केंद्र सरकार ने कुल 3,667 करोड़ रुपये की वार्षिक योजना को स्वीकृति दी है। इस राशि का उपयोग प्रदेश के सभी जिलों में राष्ट्रीय उच्च मार्गों पर सड़कों के स्तरोन्नयन, पुल निर्माण, क्रैश बैरियर लगाने जैसे महत्वपूर्ण कार्यों पर किया जाएगा।
विक्रमादित्य सिंह ने बताया कि कालाअंब-पांवटा साहिब-देहरादून सड़क के फोरलेन निर्माण के लिए भू-अधिग्रहण एवं निर्माण पूर्व गतिविधियों हेतु 1,385 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। उन्होंने कहा कि हाल ही में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर प्रदेश के विभिन्न विकासात्मक मामलों पर चर्चा की थी।
प्रदेश में राष्ट्रीय उच्च मार्ग के अधीन 1,200 किलोमीटर सड़कों के रखरखाव एवं सुधार कार्यों के लिए भी केंद्र सरकार से सहयोग का अनुरोध किया गया। वित्तीय वर्ष 2023-24 में प्रदेश ने 2,600 करोड़ रुपये की वार्षिक योजना भेजी थी, लेकिन केवल 269 करोड़ रुपये ही प्राप्त हुए थे।
विक्रमादित्य सिंह ने यह भी बताया कि मंडी और कुल्लू जिलों को जोड़ने वाली भुभू जोत सुरंग और सड़क निर्माण का मामला भी केंद्र के समक्ष उठाया गया है। उन्होंने इस ऐतिहासिक स्वीकृति पर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और केंद्र सरकार का आभार जताया। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से प्रदेश में कनेक्टिविटी को बढ़ावा मिलेगा और पर्यटन, व्यापार एवं स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई रफ्तार मिलेगी।



