➤ जनता के हक के लिए जनप्रतिनिधि को पीछे नहीं हटना चाहिए
➤ चेड़ी पंचायत में नि:शुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन
➤ 10 लाख की मुफ्त दवाइयां वितरित, 500 लोगों का स्वास्थ्य जांच
पराक्रम चंद, शिमला
ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने कहा कि एक जनप्रतिनिधि को जनता के हक के लिए किसी भी हद तक जाने से पीछे नहीं हटना चाहिए। उन्होंने कहा कि जनता के हित और अधिकारों की रक्षा करना प्रत्येक जनप्रतिनिधि का पहला कर्तव्य होता है।
वे आज कसुम्पटी विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत चेड़ी में आयोजित एक दिवसीय नि:शुल्क चिकित्सा शिविर के शुभारंभ अवसर पर लोगों को संबोधित कर रहे थे। यह शिविर जन विकास समिति, ग्राम पंचायत चेड़ी और इनर व्हील क्लब मिड टाउन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में रक्तदान शिविर का आयोजन भी किया गया।
मुख्यातिथि अनिरुद्ध सिंह ने दीप प्रज्वलन कर शिविर का विधिवत शुभारंभ किया और आयोजकों द्वारा उन्हें शॉल व टोपी पहनाकर सम्मानित किया गया।
उन्होंने कहा कि अपने विधानसभा क्षेत्र के सर्वांगीण विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर कार्य किया गया है। विधानसभा क्षेत्र में कई सड़कों का पक्का निर्माण हो चुका है और अन्य परियोजनाओं की एफआरए मंजूरी के लिए प्रस्ताव भेजे जा चुके हैं।
उन्होंने बताया कि आयुर्वेदिक डिस्पेंसरी अनु की एफआरए क्लीयरेंस पूरी हो चुकी है और अब निर्माण प्रक्रिया को तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा।
प्रदेश सरकार आत्मनिर्भर हिमाचल की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है। सरकार ने दूध के न्यूनतम समर्थन मूल्य की नीति लागू कर किसानों व पशुपालकों को राहत दी है। इसके अलावा हिम ईरा ब्रांड के तहत हजारों महिलाओं को आजीविका के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
शिविर में नेत्र रोग, महिला रोग और मेडिसिन विशेषज्ञों की टीम ने 500 से अधिक लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। करीब 10 लाख रुपये की नि:शुल्क दवाइयां लोगों में वितरित की गईं। बच्चों की नि:शुल्क नेत्र जांच कर चश्में भी दिए गए।
कार्यक्रम में खंड विकास अधिकारी अंकित कोटिया, ग्राम पंचायत चेड़ी के प्रधान भुवनेश्वर दत्त शर्मा, उप प्रधान समित ठाकुर, खंड विकास समिति चेयरमैन विक्रम ठाकुर, इनर व्हील क्लब मिड टाउन जिला चेयरमैन पूजा गोयल, रेणु शर्मा, नेहा शर्मा, जन विकास समिति अध्यक्ष निरंजन और डॉ. राजेश सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।



