Follow Us:

मंडी में भारी बारिश से तबाही, विधायक अनिल शर्मा ने लिया नुकसान का जायजा

➤विधायक अनिल शर्मा ने बारिश से हुए नुकसान का निरीक्षण किया
➤प्रभावितों को त्वरित राहत देने के निर्देश दिए
➤लिंक रोड निर्माण की गुणवत्ता जांचने के आदेश दिए

विपलव सकलानी, मंडी



मंडी सदर के विधायक अनिल शर्मा ने बुधवार को मंडी शहर में हुई भारी बारिश और उससे हुए नुकसान का मौके पर जाकर जायजा लिया। विधायक ने रघुनाथ का पधर, टारना, जेल रोड सहित अन्य प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन और नगर निगम को प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत प्रदान करने के दिशा-निर्देश जारी किए।


निरीक्षण के दौरान विधायक अनिल शर्मा ने नगर निगम के आयुक्त को टारना में हुए लिंक रोड निर्माण की गुणवत्ता की जांच करने के आदेश दिए और कहा कि नुकसान का विस्तृत ब्यौरा तैयार किया जाए ताकि उचित मुआवजा प्रदान किया जा सके।
विधायक ने जिला प्रशासन, नगर निगम, पुलिस और अग्निशमन विभाग का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी विभागों ने आपदा के दौरान त्वरित कार्रवाई कर लोगों को समय रहते सुरक्षित रेस्क्यू किया, जिससे जानमाल की बड़ी हानि टली।
निरीक्षण कार्यक्रम में नगर निगम के महापौर वीरेंद्र भट्ट, टारना वार्ड की पार्षद दीपाली जासवाल, पूर्व पार्षद बंसी लाल और बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे। विधायक ने कहा कि सरकार पूरी संवेदनशीलता से राहत कार्यों को प्राथमिकता दे रही है और सभी प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता दी जाएगी।