➤पांवटा साहिब में नशेड़ी गैंग का हमला, सात लोग घायल
➤गांववालों ने एक आरोपी को पकड़ पुलिस को सौंपा
➤दो घायलों की हालत गंभीर, हायर सेंटर रेफर
राबिन शर्मा, सिरमौर
पांवटा साहिब के सूरजपुर गांव में बीती रात नशेड़ी गैंग ने जबरदस्त तांडव मचाते हुए पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। एक घर में बैठे युवकों पर तेजधार हथियारों और डंडों से अचानक हमला किया गया, जिससे सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए हमलावरों में से एक आरोपी आरिफ को दबोच लिया और उसे तुरंत पांवटा पुलिस के हवाले कर दिया।
घायलों को पांवटा साहिब सिविल अस्पताल में भर्ती किया गया, जहां डॉ. अतुल ने बताया कि सभी को प्राथमिक उपचार दिया गया। दो लोगों की हालत नाजुक होने के कारण उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया है। बाकी का इलाज सिविल अस्पताल में जारी है। किसी का सिर फट गया, किसी की टांग और किसी के हाथ में गंभीर फ्रैक्चर हुआ है।
शिकायतकर्ता युवक ने मीडिया को बताया कि वह अपने दोस्तों के साथ घर में बैठा था तभी पांच अज्ञात हमलावरों ने अचानक धावा बोल दिया। यह गैंग पहले भी दो बार हमला कर चुकी है। स्थानीय लोगों ने दावा किया कि यह पूरी गैंग नशे के कारोबार में लिप्त है और उनका आतंक दिनोंदिन बढ़ता जा रहा है। लोगों ने कहा कि हालात ऐसे बन गए हैं कि पांवटा साहिब अब “दूसरा यूपी” बनता जा रहा है।
थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी आरिफ से पूछताछ की जा रही है। बाकी फरार हमलावरों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पूरे गिरोह पर कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है और लोग प्रशासन से ठोस कदम उठाने की मांग कर रहे हैं ताकि नशेड़ी तत्वों का आतंक खत्म हो सके।



