➤ तपोवन विधानसभा परिसर पर्यटकों के लिए खुला
➤ विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप पठानिया ने की औपचारिक शुरुआत
➤ प्रवेश शुल्क से परिसर रखरखाव और सुविधाएं सुधरेंगी
शिवांशु शुक्ला, धर्मशाला
धर्मशाला के तपोवन में स्थित हिमाचल प्रदेश विधानसभा परिसर अब आम पर्यटकों के लिए भी खुल गया है। विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने बुधवार को एक सादे समारोह में परिसर को पर्यटकों के लिए औपचारिक रूप से खोलने की घोषणा की। इस अवसर पर जिला प्रशासन कांगड़ा के अधिकारी भी मौजूद रहे।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि तपोवन परिसर न केवल प्राकृतिक सुंदरता के लिए प्रसिद्ध है, बल्कि इसका आध्यात्मिक महत्व भी विशेष है। यह परिसर चिन्मयानंद स्वामी के तपोस्थल के समीप स्थित है। यहां आने वाले पर्यटक धौलाधार की पहाड़ियों, मैक्लोडगंज और आसपास के मनोरम दृश्यों का भी आनंद ले सकेंगे।
कुलदीप पठानिया ने कहा, “यह परिसर आधुनिक स्थापत्य का अद्भुत उदाहरण है। अब पर्यटक निर्धारित शुल्क देकर परिसर में प्रवेश कर विधान भवन, दर्शक दीर्घा और अन्य महत्वपूर्ण हिस्सों का भ्रमण कर सकेंगे। इससे जो राजस्व प्राप्त होगा, उसका उपयोग परिसर के रखरखाव और विकास में किया जाएगा।”
पर्यटकों की सुविधा के लिए परिसर के नजदीक मोबाइल फूड वैन की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे यहां आने वाले लोगों को बेहतर खानपान की सेवा मिल सके।
विधानसभा परिसर को आमजन के लिए खोलने का निर्णय लंबे समय से विचाराधीन था। अब इसे औपचारिक रूप से लागू कर दिया गया है। इस पहल से स्थानीय पर्यटन को भी नया प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है।



