➤ सोलंग नाला में फ्लैश फ्लड से मनाली-लेह हाईवे बंद
➤ मंडी में बादल फटने से 63 की मौत, 34 लोग लापता
➤ राज्यभर में 168 घर तबाह, पांच जिलों में यलो अलर्ट जारी
हिमाचल प्रदेश में मानसून कहर बनकर टूटा है। बीती रात मनाली के सोलंग नाला में स्नो गैलरी के पास अचानक फ्लैश फ्लड आया, जिससे मनाली-लेह नेशनल हाईवे पूरी तरह से बंद हो गया। BRO की टीमें मलबा हटाने और सड़क बहाल करने में जुटी हैं। इसके चलते केलांग और मनाली का सड़क संपर्क कट गया है।
इधर, मौसम विभाग ने कांगड़ा, मंडी, हमीरपुर, शिमला, सोलन और सिरमौर जिलों में अगले 24 घंटे तक फ्लैश फ्लड अलर्ट जारी किया है। साथ ही 5 जुलाई को तीन जिलों में और 6 जुलाई को छह जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। फिलहाल पांच जिलों में यलो अलर्ट लागू है।
सबसे भयानक तस्वीर मंडी जिला से आई, जहां 15 जगह बादल फटने की घटनाएं सोमवार रात 12 बजे से मंगलवार सुबह 6 बजे तक दर्ज हुईं। इन हादसों में अब तक 63 लोगों की मौत हो चुकी है। कई लोग लापता हैं, जिनके जिंदा बचने की उम्मीद अब कम होती जा रही है। मंडी के सराज विधानसभा क्षेत्र में इस साल की तबाही को 2023 की आपदा से भी बड़ा माना जा रहा है। 80% से ज्यादा सड़कें और रास्ते बंद हैं, जिससे 150 से ज्यादा गांव पूरी तरह अलग-थलग हो गए हैं।
MORNING PUBLIC UTILITY REPORT ON DATED 03.07.2025
सराज के सुरह गांव में भूस्खलन से एक प्राइमरी स्कूल और छह घर पूरी तरह ध्वस्त हो गए। थुनाग बाजार में बादल फटने से बाढ़ आ गई और दर्जनों दुकानें बह गईं। कई स्थानों पर हेलिकॉप्टर से राहत सामग्री पहुंचाई जा रही है, क्योंकि सड़कों पर मलबा और कटाव के कारण टीमें तीसरे दिन भी नहीं पहुंच सकीं।
राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (SDMA) की रिपोर्ट के मुताबिक अब तक 168 घर पूरी तरह तबाह हो चुके हैं। 370 लोगों को सुरक्षित निकाला गया है। इसके अलावा 104 गोशालाएं, 162 मवेशी, 31 वाहन, 14 पुल और एक पावर प्रोजेक्ट भी बर्बाद हो गए हैं। बिजली और पानी की लाइनें ध्वस्त होने से लोग मुश्किल हालात में हैं।
Cumulative Loss Report Monsoon Season on Dated 03.07.2025
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने आपदा क्षेत्रों का दौरा कर बताया कि पखरैर, डैजी और थुनाग इलाके में ही 350 से ज्यादा घर क्षतिग्रस्त हुए हैं। उन्होंने सरकार से बचाव कार्य तेज करने की मांग की है।
लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह आज थुनाग और प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचेंगे और हालात की समीक्षा करेंगे। आने वाले दिनों में भारी बारिश का अलर्ट और ज्यादा तबाही की आशंका जता रहा है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।



