➤ देहरा में नया स्वास्थ्य खंड शुरू
➤ डॉ. हरिंदर पाल सिंह ने बीएमओ का कार्यभार संभाला
➤ जनता ने सरकार और विधायक का आभार जताया
Dehra, Barjeshwar Saki
देहरा विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम उठाते हुए देहरा में नए स्वास्थ्य खंड की शुरुआत की गई है। इस स्वास्थ्य खंड के पहले खंड चिकित्सा अधिकारी (बीएमओ) के रूप में डॉ. हरिंदर पाल सिंह ने अपना कार्यभार संभाल लिया। इस अवसर पर प्रभारी चिकित्सा अधिकारी देहरा डॉ. गुरमीत सिंह, बहुउद्देशीय स्वास्थ्य कार्यकर्ता एवं पर्यवेक्षक संघ खंड देहरा व ज्वालामुखी के प्रधान संजीव शर्मा, स्वास्थ्य पर्यवेक्षक देहरा अजय कुमार और अश्वनी कुमार ने माता बगलामुखी की चुनरी भेंट कर बीएमओ का स्वागत किया।
संजीव शर्मा ने बताया कि यह नया स्वास्थ्य खंड, ज्वालामुखी, डाडासीबा और नगरोटा सुरियां स्वास्थ्य खंडों से क्षेत्र काटकर बनाया गया है। पहले देहरा विधानसभा क्षेत्र में कोई स्वतंत्र स्वास्थ्य खंड नहीं था, जिससे लोगों को कई बार असुविधा होती थी। अब समूचा देहरा क्षेत्र नए स्वास्थ्य खंड के अंतर्गत आएगा।
उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और देहरा की विधायक कमलेश ठाकुर का आभार व्यक्त किया, जिनके प्रयासों से यह महत्वपूर्ण कदम संभव हुआ। उनका कहना था कि नए स्वास्थ्य खंड और बीएमओ की नियुक्ति से देहरा की जनता को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं घर-द्वार पर मिलने लगेंगी।
नव-नियुक्त खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. हरिंदर पाल सिंह ने कहा कि वे समर्पण और तालमेल से कार्य करेंगे। उनकी प्राथमिकता प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों की स्थिति सुधारने और सेवाओं को मजबूत करने की रहेगी ताकि लोगों को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
इस नई व्यवस्था से देहरा क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था को नया संबल मिलने की उम्मीद है और नागरिकों को समय पर इलाज व समुचित देखभाल का लाभ प्राप्त होगा।



