➤15 दिन चले अभियान में पांच शिविर आयोजित हुए
➤हजारों लोग सरकारी योजनाओं से लाभांवित हुए
➤उपायुक्त ने सभी विभागों और जनता का आभार जताया
जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति में धरती आभा जनजातीय अभियान की समीक्षा बैठक उपायुक्त किरण भड़ाना की अध्यक्षता में संपन्न हुई। 15 दिन तक चले इस अभियान में दूरदराज क्षेत्रों में पांच शिविर लगाए गए। इन शिविरों में आयुष, कृषि, बागवानी, पशुपालन, खाद्य नागरिक आपूर्ति, स्वास्थ्य विभाग समेत तमाम विभागों ने सहभागिता की।
एकीकृत जनजातीय परियोजना अधिकारी आकांक्षा शर्मा ने बताया कि शिविरों में 216 लोगों को आयुष, 295 को बागवानी, 150 को खाद्य नागरिक आपूर्ति, 295 को कृषि, 152 को स्वास्थ्य और 148 को पशुपालन विभाग की योजनाओं का लाभ मिला। मौके पर ही राजस्व विभाग ने 47 प्रमाणपत्र जारी किए और 56 आधार अपडेट हुए।
उपायुक्त किरण भड़ाना ने कहा कि जनजातीय जागरूकता अभियानों से समुदाय का आत्मविश्वास बढ़ता है और सरकार की योजनाओं का सही लाभ मिलता है। उन्होंने सभी विभागों की भूमिका की सराहना की और कहा कि ऐसे प्रयास भविष्य में भी जारी रहेंगे।
बैठक में एसडीएम उदयपुर अलीशा चौहान, बीडीओ डॉ. विवेक गुलेरिया और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।



