Follow Us:

सराज में रोपवे से यात्रा और सामान ढुलाई 10 दिन तक निःशुल्क

➤सराज क्षेत्र में रोपवे से यात्रा और सामान ढुलाई 10 दिन तक निःशुल्क होगी
➤121 करोड़ की पेयजल योजना को नुकसान, शीघ्र बहाली के निर्देश जारी किए गए
➤सेना व राहत टीमें लगातार बचाव कार्यों में जुटी, सरकार ने हरसंभव सहायता का भरोसा दिया



उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि बाढ़ और भूस्खलन से पूरी तरह से कट चुके सराज क्षेत्र में राहत व पुनर्वास कार्य प्राथमिकता से किए जा रहे हैं। शुक्रवार देर सायं मंडी पहुंचने के बाद उप मुख्यमंत्री ने बगलामुखी रोपवे के माध्यम से प्रभावित इलाकों का दौरा किया और हालात की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र इस समय पूरी तरह से बाहरी संपर्क से कटा हुआ है और रोपवे ही लोगों की जीवनरेखा बन गया है। इसलिए आमजन की सुविधा को देखते हुए अगले 7 से 10 दिन तक रोपवे से यात्रा और सामान ढुलाई निःशुल्क रखने के आदेश दिए गए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आपदा के समय मुनाफा नहीं बल्कि जनसेवा प्राथमिकता होनी चाहिए।


उप मुख्यमंत्री ने बताया कि सराज की 121 करोड़ रुपये की पेयजल योजना को गंभीर नुकसान हुआ है। इसके अलावा मंडी जिले में लगभग 75 से 100 करोड़ रुपये तथा पूरे प्रदेश में 300 करोड़ रुपये से अधिक की क्षति का अनुमान है। जल शक्ति विभाग को आदेश दिए गए हैं कि ऑफलाइन टेंडर प्रक्रिया अपनाकर बहाली कार्य तुरंत आरंभ किए जाएं ताकि देरी न हो। पाइपों की उपलब्धता न होने पर स्थानीय स्तर पर खरीद की अनुमति भी दी गई है।
उन्होंने जानकारी दी कि बहाली कार्यों की निगरानी के लिए दोनों मुख्य अभियंता सराज में तैनात रहेंगे, वहीं शिमला से चार अधिशाषी अभियंता विशेष रूप से तैनात किए गए हैं। लोक निर्माण विभाग को भी सड़कों की बहाली के लिए ऑफलाइन टेंडर आमंत्रित करने के निर्देश दिए गए हैं।
उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि सरकार की ओर से स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने बताया कि सेना, प्रशासन, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें लगातार राहत और बचाव कार्यों में जुटी हुई हैं। इस दौरान चेत राम ठाकुर सहित जल शक्ति विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी उनके साथ उपस्थित रहे। उप मुख्यमंत्री ने सभी अधिकारियों से तेजी से बहाली कार्यों को पूरा करने और जनता को राहत पहुंचाने की अपील की।