➤जनजातीय उत्सव 2025 की थीम ईको-फ्रेंडली फेयर घोषित
➤प्लास्टिक मुक्त आयोजन के लिए दिशा-निर्देश जारी
➤मिस्टर-मिस लाहौल, सांस्कृतिक कार्यक्रम और सरस मेला होंगे आकर्षण
केलांग। लाहौल स्पीति जिला में आगामी जनजातीय उत्सव 2025 को भव्य और यादगार बनाने के लिए तैयारियां जोरों पर हैं। इस संदर्भ में उपायुक्त कार्यालय के सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई, जिसकी अध्यक्षता उपायुक्त लाहौल स्पीति एवं जनजातीय उत्सव मेला कमेटी की अध्यक्ष किरण भड़ाना ने की।
उपायुक्त ने बताया कि यह उत्सव 14 अगस्त से 16 अगस्त 2025 तक आयोजित होगा और इसकी थीम ईको-फ्रेंडली फेयर रखी गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उत्सव के दौरान किसी भी व्यापारिक या अन्य गतिविधियों में प्लास्टिक का प्रयोग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। इस पहल का उद्देश्य आमजन में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता पैदा करना और प्लास्टिक के दुष्प्रभावों से लोगों को अवगत कराना है।
पगोड़ा शैली में सुंदर स्टॉल स्थापित किए जाएंगे, जिनमें जिला के प्रगतिशील किसानों के उत्पाद भी प्रदर्शित होंगे। बच्चों, युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए विविध खेल गतिविधियों, झूलों, और मनोरंजन कार्यक्रमों का आयोजन होगा।
इस दौरान मिस लाहौल और मिस्टर लाहौल प्रतियोगिता, सरस मेला, और तम्बोला खेल भी उत्सव का मुख्य आकर्षण रहेंगे। उपायुक्त ने कहा कि उत्सव में जिला की समृद्ध लोक संस्कृति, लद्दाख और किन्नौर के सांस्कृतिक दलों की प्रस्तुतियां भी होंगी ताकि सभी वर्गों का भरपूर मनोरंजन हो सके।
बैठक में शोभा यात्रा, डॉग शो, यातायात प्रबंधन, आपातकालीन सेवाएं, स्वच्छता, कानून व्यवस्था, और पार्किंग सुविधाओं पर भी विस्तृत चर्चा हुई। उपायुक्त ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि तैयारियों में कोई कोताही न बरती जाए और समयबद्ध सभी प्रबंध पूरे किए जाएं। उन्होंने आमजन से भी आयोजन को सफल बनाने के लिए सुझाव आमंत्रित किए हैं।
बैठक में एसडीएम केलांग आकांक्षा शर्मा, एसडीएम उदयपुर अलीशा चौहान, वनमंडलाधिकारी अनिकेत मारूती वानवे, डीएसपी रश्मी शर्मा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रोशन लाल, खण्ड विकास अधिकारी डॉ. विवेक गुलेरिया, जिला कल्याण अधिकारी खुशविंद्र ठाकुर, तहसीलदार रमेश राणा, अधिशाषी अभियंता विद्युत विजय ठाकुर, जिला आयुष अधिकारी बनीता शर्मा, और व्यापार मंडल अध्यक्ष आमची प्रकाश सहित कई अधिकारी एवं गैर सरकारी सदस्य उपस्थित रहे



