➤ सिरमौर की सैकड़ों महिलाएं BDO कार्यालय में जुटीं
➤ दो वर्षों से अधूरी पड़ी सड़क, ग्रामीणों ने दी आंदोलन की चेतावनी
सिरमौर जिले के तिलोरधार क्षेत्र में आज उस समय हड़कंप मच गया जब ग्राम बोहल, निगाली, चूड़ीपाथरी और कानकोट की सैकड़ों महिलाओं ने खंड विकास अधिकारी (BDO) कमरऊ के कार्यालय में जोरदार प्रदर्शन किया। राष्ट्रीय राजमार्ग NH-707 के निर्माण के दौरान जो संपर्क मार्ग क्षतिग्रस्त हो गया था, उसकी अब तक मरम्मत न होने से नाराज ग्रामीणों, विशेषकर महिलाओं ने सड़क पर उतरकर अपने हक की आवाज बुलंद की।
प्रदर्शनकारी महिलाओं ने बताया कि यह संपर्क मार्ग ग्रामीण क्षेत्रों को मुख्य सड़क से जोड़ता था और इसके क्षतिग्रस्त होने के कारण बुजुर्गों, महिलाओं और स्कूली बच्चों को अब जानलेवा पहाड़ी रास्तों से पैदल सफर करना पड़ रहा है। स्थिति यह है कि दूसरे गांवों तक पहुंचने के लिए दो से तीन किलोमीटर का जोखिम भरा सफर करना पड़ता है।
स्थानीय निवासी और ग्राम पंचायत बल्दवा बोहल खुईनल के प्रधान नरेश तोमर ने बताया कि इस मुद्दे को कई बार SDM कफोटा और NH विभाग के सामने उठाया गया, लेकिन हर बार केवल “देखेंगे” और “जल्द करेंगे” जैसे जवाब ही मिले। मौके का निरीक्षण भी किया गया, फिर भी अब तक मरम्मत कार्य शुरू नहीं हुआ।
प्रदर्शनकारियों ने साफ चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सड़क निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया तो वे उग्र आंदोलन के लिए विवश होंगे। उन्होंने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप और प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की मांग की है ताकि ग्रामीणों को राहत मिल सके।



