➤ 9 जुलाई को भारत बंद का असर बैंकिंग, डाक और परिवहन सेवाओं पर पड़ेगा
➤ 10 केंद्रीय ट्रेड यूनियनों और किसानों का संयुक्त राष्ट्रव्यापी प्रदर्शन
➤ 25 करोड़ कर्मचारियों के बंद में शामिल होने का अनुमान, कई राज्यों में व्यापक प्रभाव
Bharat Bandh Today: 9 जुलाई 2025 को भारत बंद का देशभर में व्यापक असर दिखने की संभावना है। 10 केंद्रीय ट्रेड यूनियनों, किसान संगठनों और ग्रामीण मजदूर संगठनों द्वारा बुलाए गए इस 24 घंटे के भारत बंद में लगभग 25 करोड़ कर्मचारियों के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। प्रदर्शन का उद्देश्य नई श्रम संहिताओं, बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, बैंकों के निजीकरण और सरकारी उपक्रमों की नीलामी जैसी आर्थिक नीतियों का विरोध करना है। हालांकि हिमाचल भी इससे अछूता नहीं है।
इस राष्ट्रव्यापी हड़ताल का असर खासकर बैंकिंग, डाक सेवाएं, परिवहन, कोयला खनन, बिजली, और स्वास्थ्य जैसे क्षेत्रों पर पड़ने की आशंका है। सार्वजनिक और सहकारी बैंक शाखाओं में कैश डिपॉजिट, चेक क्लियरेंस, और ग्राहक सेवा बाधित हो सकती है। डाक सेवाएं, विशेषकर ग्रामीण इलाकों में, पूरी तरह ठप रह सकती हैं।
राज्य परिवहन, जैसे हरियाणा, पंजाब, पश्चिम बंगाल और महाराष्ट्र में बस सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं। कुछ रेलमार्गों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है, और संभावित रोड जाम या प्रदर्शन के कारण ट्रेनों में देरी की संभावना है। पावर सेक्टर के लाखों कर्मचारियों के हड़ताल में शामिल होने से कुछ राज्यों में बिजली आपूर्ति बाधित हो सकती है।
स्कूल-कॉलेज और प्राइवेट ऑफिस आमतौर पर खुले रहेंगे, हालांकि कुछ स्थानों पर शिक्षक संघ और कर्मचारी संगठन बंद का समर्थन कर सकते हैं। आपातकालीन सेवाएं जैसे अस्पताल, पुलिस और फायर सर्विसेस इस बंद से प्रभावित नहीं होंगी।
प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट किया है कि यह बंद पूरी तरह शांतिपूर्ण रहेगा और जनता से सहयोग की अपील की गई है। हालांकि प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था चाकचौबंद कर दी है।



