Follow Us:

कुल्लू कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, खाली कराया गया परिसर


कुल्लू जिला न्यायालय को मेल से बम से उड़ाने की धमकी मिली
कोर्ट परिसर खाली करवाया गया, बम स्क्वाड और डॉग टीम मौके पर पहुंची
मई में भी डीसी ऑफिस को आतंकी धमकी मिल चुकी है



Bomb threat Kullu court :हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में एक बार फिर आतंकी धमकी ने हड़कंप मचा दिया है। इस बार निशाने पर है जिला एवं सत्र न्यायालय कुल्लू, जिसे मेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली है। धमकी मिलते ही प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गईं और तत्काल पूरे कोर्ट परिसर को खाली करवाया गया।

कोर्ट परिसर से सभी अधिवक्ता, कर्मचारी और अन्य लोग बाहर निकाल दिए गए, ताकि किसी प्रकार की जानमाल की हानि न हो। सूचना मिलते ही पुलिस, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वाड मौके पर पहुंच गए और संपूर्ण परिसर की तलाशी शुरू कर दी गई।

इससे पहले भी इसी तरह की धमकी मई महीने में उपायुक्त कार्यालय कुल्लू को दी जा चुकी है, जिसमें एक आतंकी संगठन ने मेल के माध्यम से बम धमाके करने की चेतावनी दी थी। हालांकि तब कोई विस्फोटक नहीं मिला था, लेकिन अब न्यायपालिका के परिसर को निशाना बनाए जाने से सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ गई है।

पुलिस मामले को गंभीरता से ले रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि धमकी देने वाला मेल कहां से और किस उद्देश्य से भेजा गया। साइबर सेल को भी अलर्ट कर दिया गया है, जो मेल की तकनीकी जांच कर रहा है।

जिला प्रशासन और पुलिस दोनों ने स्थिति पर नजर बनाए रखने का आश्वासन दिया है, और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। कुल्लू की जनता अब सवाल उठा रही है कि लगातार दो बार संवेदनशील सरकारी प्रतिष्ठानों को बम से उड़ाने की धमकी आखिर क्यों और कैसे दी जा रही है? क्या यह किसी बड़ी साजिश की आहट है?