Follow Us:

“रील की झांसी की रानी, रियल में बनना अलग !” ; नेगी

जगत सिंह नेगी ने कहा आपदा में कांग्रेस सरकार कर रही युद्धस्तरीय काम
नेता प्रतिपक्ष और कंगना रनौत पर तीखा हमला बोला गया
प्रदेश में एक हजार करोड़ से ज्यादा का नुकसान और 20 मौतें दर्ज



हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही बारिश ने तबाही मचा दी है और सरकार राहत कार्यों में जुटी हुई है। इसी कड़ी में राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने कहा कि सुक्खू सरकार युद्धस्तर पर आपदा राहत अभियान चला रही है और प्रभावित लोगों तक मदद पहुंचाई जा रही है, जबकि भाजपा केवल राजनीति कर रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में अब तक एक हजार करोड़ रुपए से अधिक का नुकसान हो चुका है, मंडी में 20 लोगों की मौत हो चुकी है और 28 लोग अब भी लापता हैं।

जगत सिंह नेगी ने विपक्ष के आरोपों पर तीखा पलटवार किया। भाजपा नेता आपदा ग्रस्त क्षेत्रों में डिजाइनर सूट पहनकर जा रहे हैं और केवल बोलते हैं, कुछ करते नहीं।   उन्होंने कहा कि भाजपा नेता आपदा क्षेत्रों में केवल फोटो खिंचवाने और दिखावे के लिए आते हैं। जयराम ठाकुर को लेकर उन्होंने कहा कि उन्हें जंजैहली तक पहुंचने में आठ दिन लग गए, जब कि सरकार ने तुरंत राहत शुरू कर दी थी।

कंगना रनौत पर भी नेगी ने निशाना साधा और कहा कि ‘रील लाइफ में झांसी की रानी बनना अलग बात है, रियल लाइफ में बनना अलग।’ उन्होंने कहा कि कंगना केवल बात करती हैं, लेकिन संसद में राहत नीति को लेकर कोई ठोस प्रस्ताव या मांग नहीं रखतीं।

मंत्री ने बताया कि प्रदेश में 202 सड़कें अभी भी अवरुद्ध हैं, 217 बिजली ट्रांसफार्मर बंद हैं और 143 पेयजल योजनाएं ठप पड़ी हैं। इसके अलावा 1200 से ज्यादा मकानों को आंशिक या पूर्ण रूप से नुकसान पहुंचा है। जंजैहली से करसोग का रास्ता खोलकर वहां फंसे पर्यटकों को सुरक्षित निकाला गया है। मंत्री ने कहा कि हर जिले में प्रशासन और राहत दल मुस्तैदी से काम कर रहे हैं।