Follow Us:

राजस्थान में एयरफोर्स का फाइटर जेट गिरा, दो की मौत

चुरू में एयरफोर्स का जगुआर फाइटर जेट क्रैश हुआ
हादसे में दो लोगों की मौत, मलबे में मिले शव के टुकड़े
जगुआर जेट की मिसाइल जैसी आवाज से इलाके में दहशत फैली



राजस्थान के चुरू जिले में बुधवार सुबह बड़ा हादसा हुआ जब भारतीय वायुसेना का एक जगुआर फाइटर जेट क्रैश हो गया। यह हादसा राजलदेसर थाना क्षेत्र के भाणूदा गांव में हुआ। क्रैश के दौरान विमान के मलबे में दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर बिखरे मलबे और शव के टुकड़ों ने पूरे इलाके को दहला दिया है।

चुरू के एसपी जय यादव ने बताया कि दुर्घटनास्थल पर बुरी तरह क्षत-विक्षत शव के टुकड़े मिले हैं। पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गई हैं और बचाव व जांच अभियान शुरू कर दिया गया है। चश्मदीदों के अनुसार हवा में उड़ते हुए विमान से अचानक जोरदार विस्फोट जैसी आवाज आई और फिर वह जमीन से टकराकर बिखर गया।

इस हादसे से पूरे इलाके में दहशत फैल गई और लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। खबर मिलते ही राजस्थान पुलिस, एयरफोर्स और जांच एजेंसियां घटनास्थल पर पहुंचीं।

जगुआर फाइटर जेट की बात करें तो यह ब्रिटिश-फ्रेंच सुपरसोनिक जेट अटैक एयरक्राफ्ट है, जिसे भारतीय वायुसेना ग्राउंड अटैक और एंटी शिप मिशन के लिए प्रयोग करती है। इसकी खासियत यह है कि यह 600 मीटर के छोटे रनवे से भी टेकऑफ कर सकता है और सिर्फ डेढ़ मिनट में 30 हजार फीट की ऊंचाई हासिल कर सकता है।