➤ यूजी कक्षाओं में दाखिले की अंतिम तिथि बढ़ाकर 21 जुलाई की गई
➤ अप्रत्याशित कारणों से वंचित छात्रों को मिला राहत का अवसर
➤ सभी कॉलेजों में प्रवेश विश्वविद्यालय के प्रॉस्पेक्टस और नियमों के अनुसार होगा
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शिमला ने शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए स्नातक स्तर (UG) की कक्षाओं में प्रवेश की अंतिम तिथि को बढ़ा दिया है। विश्वविद्यालय के कुलपति ने कॉलेजों के प्रधानाचार्यों और कई विद्यार्थियों द्वारा दिए गए निवेदनों और पत्रों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए यह निर्णय लिया है। अब ऐसे छात्र जो किसी अनिवार्य कारणवश निर्धारित समय पर प्रवेश नहीं ले सके थे, उन्हें 21 जुलाई 2025 तक दाखिले का अवसर मिलेगा।
यह निर्णय हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय से संबद्ध सभी सरकारी और गैर-सरकारी कॉलेजों में लागू होगा। विश्वविद्यालय प्रशासन ने निर्देश जारी करते हुए स्पष्ट किया है कि प्रत्येक पाठ्यक्रम में प्रवेश प्रक्रिया हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के ओरडिनेंस कॉलेज के प्रॉस्पेक्टस में वर्णित नियमों और समय-समय पर जारी दिशानिर्देशों के अनुसार ही सुनिश्चित की जाए।
विश्वविद्यालय की इस घोषणा से हजारों छात्रों को राहत मिलेगी जो किन्हीं कारणों से समय रहते दाखिला नहीं ले सके थे। अब उन्हें एक और अवसर मिल गया है, जिससे उनका शैक्षणिक वर्ष बर्बाद नहीं होगा।



