➤ असम में ड्यूटी के दौरान 19 डोगरा रेजीमेंट के नायक पुष्पेंद्र ने दी वीरगति
➤ तेज हवाओं में पेड़ की टहनियों की चपेट में आकर हुआ हादसा
➤ थैमगारंग गांव और पूरे किन्नौर में शोक की लहर, सैन्य सम्मान से होगा अंतिम संस्कार
हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले की सांगला तहसील के थैमगारंग पंचायत के वीर सपूत और 19 डोगरा रेजीमेंट में तैनात नायक पुष्पेंद्र ने असम में ड्यूटी के दौरान वीरगति प्राप्त की है। 29 वर्षीय नायक पुष्पेंद्र पुत्र महेंद्र नेगी तेज हवाओं के चलते एक पेड़ की टहनियों की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। यह दुखद समाचार सोमवार देर शाम सेना की ओर से उनके परिजनों को औपचारिक रूप से दिया गया, जिसके बाद पूरे गांव और जिले में शोक की लहर दौड़ गई।
पंचायत थैमगारंग की प्रधान मनोहर देवी और उपप्रधान दीप कुमार ने बताया कि नायक पुष्पेंद्र की पार्थिव देह असम से दिल्ली और फिर चंडीगढ़ लाई जाएगी, जहां से उसे सेना के वाहन के माध्यम से उनके पैतृक गांव लाया जाएगा और सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा।
पुष्पेंद्र अपने पीछे पिता महेंद्र नेगी, माता सरला देवी, पत्नी कीर्ति नेगी और छह वर्षीय बेटे एतिक को छोड़ गए हैं। उनकी असामयिक मौत से परिवार का बुरा हाल है। रिश्तेदार और ग्रामीण लगातार सांत्वना देने पहुंच रहे हैं लेकिन पूरे गांव में मातम का माहौल बना हुआ है।



