➤ एचपीयू में पीजी कोर्सेज की पहली मेरिट लिस्ट हुई जारी
➤ 14 जुलाई तक यूजी परिणाम जमा करवाने की थी अंतिम तिथि
➤ एमबीए की ओपन श्रेणी में 75.19 रही पहली कट ऑफ
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू) ने शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए स्नातकोत्तर डिग्री कोर्सों में प्रवेश के लिए पहली मेरिट लिस्ट मंगलवार को जारी कर दी है। इससे पहले 14 जुलाई तक विद्यार्थियों को स्नातक के अंतिम परिणाम ऑनलाइन जमा करवाने की समय-सीमा दी गई थी। इस अवधि के पूरा होते ही विभिन्न विभागों ने सब्सिडाइज्ड और नॉन-सब्सिडाइज्ड श्रेणियों के लिए अलग-अलग मेरिट सूची तैयार की है।
विश्वविद्यालय के अधिष्ठाता अध्ययन प्रो. बीके शिवराम ने जानकारी दी कि जिन विद्यार्थियों ने समय पर अपने यूजी परिणाम जमा कर दिए, उनके लिए अब फीस जमा करवाने और हार्डकॉपी दस्तावेज विभागों में प्रस्तुत करने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। जिन विभागों में नॉन-सब्सिडाइज्ड सीटें उपलब्ध हैं, उनके लिए काउंसलिंग की तिथियां विवि वेबसाइट पर अपलोड कर दी गई हैं।
एमए राजनीति विज्ञान, परफॉर्मिंग आर्ट म्यूजिक, आर्कियोलॉजी, जूलॉजी, बॉटनी, लोक प्रशासन, ग्रामीण विकास, डिजास्टर मैनेजमेंट, अर्थशास्त्र, फिजिकल एजुकेशन, सोशल वर्क, जेएमसी, फॉरेंसिक साइंस जैसे कोर्सेज के लिए फीस जमा करवाने की अंतिम तिथियां 17 और 18 जुलाई रखी गई हैं।
एचपीयू बिजनेस स्कूल ने एमबीए कोर्स (2025-27 बैच) के लिए एचपीयू मेट परीक्षा, जीडी और इंटरव्यू के आधार पर पहली प्रवेश मेरिट सूची जारी की है। सब्सिडाइज्ड सीटों के लिए ओपन श्रेणी में कट ऑफ 75.19, जबकि सामान्य श्रेणी की कट ऑफ 71.35 रही है। इसके अतिरिक्त अनुसूचित जाति की 65, जनजाति की 62, दिव्यांग 55.15, ईडब्ल्यूएस 69 और सिंगल गर्ल चाइल्ड श्रेणी की कट ऑफ 67.13 रही है।
इन सभी कोर्सों के लिए अंतिम रूप से चयनित विद्यार्थियों को 17 या 18 जुलाई तक फीस और चालान जमा करवाना अनिवार्य किया गया है। जिन छात्रों की काउंसलिंग प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, उन्हें अब दाखिले की अंतिम प्रक्रिया पूर्ण करनी होगी।
एमएससी इनवायरमेंट साइंस, बैचलर ऑफ लाइब्रेरी एंड इन्फॉर्मेशन साइंस, फॉरेंसिक साइंस जैसे कुछ अन्य कोर्सेज में भी प्रवेश प्रक्रिया तेज कर दी गई है। विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि जल्द ही दूसरी और तीसरी मेरिट लिस्ट भी जारी की जाएगी।



