➤ इग्नू से अब हिंदी में कर सकेंगे एमबीए, बिना प्रवेश परीक्षा के मिलेगा दाखिला
➤ 31 जुलाई अंतिम तारीख, एआईसीटीई से मान्यता प्राप्त सभी विषयों में उपलब्ध होगा कोर्स
➤ 2 से 4 वर्ष की अवधि में पूरा कर सकेंगे पाठ्यक्रम, आवेदन प्रक्रिया ऑनलाइन जारी
हिमाचल प्रदेश सहित पूरे देश के विद्यार्थियों के लिए अब हिंदी में एमबीए करने का सुनहरा अवसर उपलब्ध हो गया है। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) ने शैक्षणिक सत्र जुलाई 2025 से हिंदी माध्यम में एमबीए डिग्री कार्यक्रम आरंभ कर दिया है। यह निर्णय उन छात्रों के लिए राहत भरा है जो अंग्रेजी में पढ़ाई को लेकर असहजता महसूस करते थे लेकिन प्रबंधन शिक्षा में रुचि रखते हैं। इग्नू ने इस पाठ्यक्रम के लिए 31 जुलाई तक ऑनलाइन आवेदन की समय सीमा तय की है और इसके लिए किसी भी प्रकार की प्रवेश परीक्षा नहीं होगी।
एमबीए हिंदी पाठ्यक्रम में स्वास्थ्य देखभाल एवं अस्पताल प्रबंधन, कंस्ट्रक्शन मैनेजमेंट, लॉजिस्टिक्स एंड सप्लाई चेन मैनेजमेंट, एग्रीबिजनेस मैनेजमेंट, ह्यूमन रिसोर्स, मार्केटिंग, ऑपरेशंस, फाइनेंस और बैंकिंग मैनेजमेंट जैसे विषयों को शामिल किया गया है। ये सभी कोर्स AICTE से मान्यता प्राप्त हैं। पात्रता के लिए सामान्य वर्ग के छात्रों को किसी भी विषय में न्यूनतम 50% अंक और आरक्षित वर्ग के छात्रों को 45% अंक के साथ स्नातक डिग्री आवश्यक होगी।
कोर्स की न्यूनतम अवधि दो वर्ष और अधिकतम चार वर्ष रखी गई है, जिसे बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के पूर्ण किया जा सकता है। इग्नू ने यह भी स्पष्ट किया है कि जुलाई 2025 सत्र के लिए उसके सभी अन्य स्नातक, स्नातकोत्तर, डिप्लोमा और सर्टिफिकेट कार्यक्रमों में नए प्रवेश और पुनः पंजीकरण की प्रक्रिया भी 31 जुलाई तक जारी रहेगी।



