➤ हिमाचल में वन रक्षकों की भर्ती को सरकार की मंज़ूरी, 100 पद भरने की प्रक्रिया शुरू
➤ राज्य के सभी वन वृत्तों में सीधी भर्ती के ज़रिए होंगे चयन
➤ भर्ती प्रक्रिया आरक्षण नीति और वृत्त रोस्टर के अनुसार होगी संचालित
हिमाचल प्रदेश सरकार ने वन विभाग के लिए 100 वन रक्षकों (Forest Guards) के रिक्त पदों को भरने की स्वीकृति दे दी है। यह भर्तियाँ वृत्त स्तर पर सीधी भर्ती के माध्यम से की जाएँगी। प्रधान मुख्य वन संरक्षक (प्रशासन एवं मानव संसाधन) डॉ. संजय सूद ने जानकारी दी कि यह प्रक्रिया वन रक्षक श्रेणी-तीन, गैर-राजपत्रित कार्यकारी अनुभाग भर्ती एवं पदोन्नति नियम तथा उसमें किए गए संशोधनों के अनुरूप पूरी की जाएगी।
वन विभाग की ओर से जारी निर्देशों में स्पष्ट किया गया है कि ये भर्तियाँ जिला वन वृत्तों में स्थानीय स्तर पर की जाएँगी। इसके लिए संबंधित मुख्य वन संरक्षकों और वन संरक्षकों (टी एंड डब्ल्यूएल) को आदेश जारी किए गए हैं कि वे सरकारी आरक्षण नीति और वृत्त रोस्टर के अनुसार श्रेणीवार रिक्तियों का विवरण दो दिन के भीतर मुख्यालय को भेजें ताकि भर्ती प्रक्रिया को शीघ्र शुरू किया जा सके।
भर्ती पदों का वितरण निम्नानुसार किया गया है –
बिलासपुर में 6, चंबा में 10, धर्मशाला में 10, हमीरपुर में 12, कुल्लू में 6, मंडी में 17, नाहन में 10, रामपुर में 4, शिमला में 10, सोलन में 4, वन्यजीव शिमला में 4, वन्यजीव धर्मशाला में 3, और ग्रेट हिमालयन नेशनल पार्क शमशी में 4 पद शामिल हैं।
राज्य सरकार के इस निर्णय से न केवल वन विभाग में कर्मचारियों की कमी पूरी होगी, बल्कि स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर भी प्राप्त होंगे। जल्द ही विज्ञापन जारी कर भर्ती प्रक्रिया को औपचारिक रूप से शुरू किया जाएगा।



