Follow Us:

रिटायरमेंट के बाद भी विराट का धमाका, रच डाला क्रिकेट इतिहास, जानें

विराट कोहली ने रचा इतिहास, तीनों फॉर्मेट में हासिल किए 900+ रेटिंग अंक
टी20 में 909 रेटिंग के साथ बने दुनिया के अकेले बल्लेबाज
टेस्ट और वनडे में पहले ही बना चुके हैं रिकॉर्ड, अब टी20 भी शामिल


विराट कोहली एक बार फिर क्रिकेट इतिहास में अपना नाम स्वर्णाक्षरों में दर्ज करा चुके हैं। भले ही उन्होंने टी20 इंटरनेशनल से संन्यास ले लिया हो और दो महीने पहले टेस्ट क्रिकेट से भी विदाई की घोषणा कर दी हो, लेकिन उनकी धाक आज भी वैसी ही बरकरार है। बुधवार को आईसीसी द्वारा जारी ताज़ा टी20 रेटिंग में कोहली ने 909 अंक हासिल किए और एक ऐसा कीर्तिमान बना दिया, जिसे तोड़ना दुनिया के किसी भी बल्लेबाज के लिए आसान नहीं होगा।

विराट कोहली अब क्रिकेट इतिहास के पहले और इकलौते बल्लेबाज बन गए हैं, जिनके पास टेस्ट, वनडे और टी20 तीनों फॉर्मेट में 900 या उससे अधिक रेटिंग अंक हैं। टी20 में उनका यह ताज़ा रेटिंग 909 है, जो इंग्लैंड के डेविड मलान (919) और भारत के सूर्यकुमार यादव (912) के बाद तीसरा सर्वश्रेष्ठ स्कोर है।

कोहली की यह रेटिंग 2024 टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में मैच विनिंग 76 रन की पारी के बाद दर्ज की गई, जो उनके रिटायरमेंट मैच में आया था। इससे पहले उनकी रेटिंग 897 थी, जो अब बढ़कर 909 हो गई है।

वनडे की बात करें तो कोहली 2018 में 909 रेटिंग अंक का आंकड़ा छू चुके हैं। उन्होंने उस साल इंग्लैंड दौरे पर तीन मैचों में 191 रन बनाए थे। वहीं टेस्ट में भी 2018 में 937 रेटिंग अंक तक पहुंचे, जब उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ 10 पारियों में 593 रन (2 शतक, 3 अर्धशतक) ठोके थे।

अपने करियर में विराट कोहली ने 125 टी20 इंटरनेशनल मैचों में 4,188 रन बनाए हैं। उनका औसत 48.69, एक शतक और 25 अर्धशतक हैं। वह टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ियों में तीसरे स्थान पर हैं। उनका सर्वाधिक स्कोर नाबाद 122 रन रहा है।

कोहली का यह रिकॉर्ड इस बात का प्रमाण है कि महानता केवल फॉर्मेट से नहीं, बल्कि निरंतरता से आती है। तीनों फॉर्मेट में शीर्ष पर रहना और रिकॉर्ड बनाना, उन्हें आधुनिक युग का सबसे महान बल्लेबाज बना देता है।