Follow Us:

धर्मशाला में अवैध साइट से उड़ान, पर्यटक की मौत, पायलट पर एफआईआर

धर्मशाला में अवैध पैराग्लाइडिंग साइट से उड़ान, गुजरात के पर्यटक की मौत पर पायलट पर एफआईआर
बंगोटू में बिना रजिस्ट्रेशन करवाई गई फ्लाइंग, कांगड़ा पुलिस ने दर्ज किया मामला
एएसपी हितेश लखनपाल ने दी जानकारी, हादसे के बाद प्रशासन सख्त

शिवांशु शुक्‍ला, धर्मशाला


हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में धर्मशाला के पास एक अवैध पैराग्लाइडिंग साइट से उड़ान भरने के दौरान गुजरात के एक पर्यटक की मौत हो गई। हादसे के बाद पुलिस ने पैराग्लाइडिंग पायलट के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। यह घटना बंगोटू नामक अनरजिस्टर्ड साइट पर हुई, जो कि पर्यटन विभाग में अधिकृत नहीं है।

एएसपी कांगड़ा हितेश लखनपाल ने बताया कि मृतक की पहचान गुजरात निवासी पर्यटक के रूप में हुई है। पैराग्लाइडिंग के दौरान कुछ तकनीकी गड़बड़ी के कारण उड़ान असफल रही और पर्यटक की मौके पर ही मौत हो गई। जांच के दौरान यह सामने आया कि पायलट ने उड़ान एक ऐसे स्थान से करवाई जो पंजीकृत नहीं थी। इस गंभीर लापरवाही के चलते पुलिस ने संबंधित पायलट के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

बंगोटू साइट पर्यटन विभाग की अधिकृत लिस्ट में नहीं आती, और वहां से किसी भी प्रकार की फ्लाइंग प्रतिबंधित है। इसके बावजूद कई निजी पायलट बिना अनुमति के इस स्थान से फ्लाइंग करवा रहे हैं। पुलिस अब ऐसे सभी अनाधिकृत साइट्स की सूची तैयार कर रही है और प्रशासन के साथ मिलकर इन पर सख्ती से रोक लगाने की योजना बना रही है।

इस घटना के बाद क्षेत्र में पर्यटकों और उनके परिजनों में गहरी चिंता है, जबकि प्रशासन को भी भारी आलोचना का सामना करना पड़ रहा है। पुलिस अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि भविष्य में ऐसे किसी भी अवैध गतिविधि में संलिप्त पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।