Follow Us:

मंत्री जगत सिंह नेगी के बेटे विक्रम नेगी समेत आठ के खिलाफ केस दर्ज, जानें वजह

राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी के बेटे विक्रम पर एफआईआर, कुल आठ लोगों के खिलाफ मामला दर्ज
बिना अनुमति पूर्व सीएम जयराम ठाकुर का पुतला जलाने का आरोप
बीजेपी ने कहा- यह जननेता की गरिमा पर हमला, निष्पक्ष जांच की मांग


हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले में राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी के बेटे विक्रम सिंह नेगी समेत आठ लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। आरोप है कि इन लोगों ने बिना प्रशासनिक अनुमति के पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का पुतला जलाया। यह एफआईआर भाजपा जिला अध्यक्ष यशवंत सिंह नेगी की शिकायत पर रिकांगपिओ पुलिस स्टेशन में दर्ज की गई है।

किन्नौर के एसपी अभिषेक एस ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस द्वारा जिन धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है उनमें बीएनएस की धारा 173, 189(2) और 292 शामिल हैं।

एफआईआर में जिन लोगों को नामजद किया गया है, उनमें मंत्री के बेटे विक्रम सिंह नेगी के अलावा नार्मल चंद्र, सूर्य बोरस, कुलवंत नेगी, मान चंद नेगी, राम मोहन, जय किशन और राकेश कुमार शामिल हैं। यह घटना राजनीतिक रंग ले चुकी है और प्रशासन की भूमिका पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं।

बीजेपी नेताओं ने कहा कि यह कृत्य न केवल राजनीतिक रूप से प्रेरित था, बल्कि एक सम्मानित जननेता की प्रतिष्ठा को धूमिल करने का प्रयास भी है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन और पुलिस सत्ता के दबाव में काम कर रही है। प्रेसवार्ता में प्रदेश मीडिया प्रभारी कर्ण नंदा ने भी इस कार्रवाई की जानकारी दी और निष्पक्ष जांच की मांग की।

वहीं, कांग्रेस की ओर से अभी तक इस पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है, लेकिन माना जा रहा है कि आने वाले समय में यह मामला सत्तापक्ष और विपक्ष के बीच टकराव का बड़ा कारण बन सकता है।