Follow Us:

हमीरपुर के आदर्श वर्मा बने मेजर जनरल, हिमाचल का बढ़ाया गौरव

हमीरपुर के आदर्श वर्मा बने भारतीय सेना में मेजर जनरल
अग्निवाज़ डिवीजन की कमान संभाली, विशिष्ट सेवा मेडल से हो चुके हैं सम्मानित
प्रदेशवासियों को गर्व, युवाओं के लिए बने प्रेरणा


हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले के वार्ड नंबर 5 निवासी आदर्श वर्मा ने भारतीय सेना में मेजर जनरल बनकर एक नई ऊँचाई हासिल की है। उन्होंने महाराष्ट्र के पुणे में भारतीय सेना की अग्निवाज़ डिवीजन की कमान संभाली है। यह डिवीजन पहले मेजर जनरल अमर पाल सिंह चहल (सेना मेडल) के नेतृत्व में थी, जिन्हें आदर्श वर्मा ने सफलतापूर्वक रिप्लेस किया है।

मेजर जनरल आदर्श वर्मा, अंगत राम वर्मा के सुपुत्र हैं और पहले ही विशिष्ट सेवा मेडल जैसे प्रतिष्ठित सैन्य सम्मान से अलंकृत हो चुके हैं। कमान संभालने के बाद उन्होंने सैन्य अधिकारियों और जवानों से कर्तव्यनिष्ठा, तकनीकी विकास, और भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार रहने की अपील की। उन्होंने ज़ोर देकर कहा कि सैनिक भावना को हमेशा ऊंचा रखें और मिशन के अनुरूप प्रशिक्षण को प्राथमिकता दें।

उनकी इस उल्लेखनीय उपलब्धि से हमीरपुर ही नहीं, पूरे हिमाचल प्रदेश में गर्व की लहर दौड़ गई है। परिजन, दोस्त और स्थानीय लोग आदर्श की सफलता पर बेहद खुश हैं।

उनकी सफलता आज के युवाओं को यह स्पष्ट संदेश देती है कि लगन, अनुशासन और समर्पण के बल पर कोई भी ऊँचाई पाई जा सकती है। आदर्श वर्मा की यह उपलब्धि न सिर्फ राज्य का नाम रोशन करती है, बल्कि हिमाचली युवाओं के लिए एक प्रेरणास्रोत भी बनती है।