Follow Us:

बड़ोह में मेघना ने संभाला तहसीलदार का कार्यभार, लोगों ने आरएस बाली का जताया आभार


राजस्व कार्यों की पेंडेंसी शीघ्र निपटाने का दिया आश्वासन
स्थानीय लोगों ने आरएस बाली का जताया आभार, नायब तहसीलदार की नियुक्ति की मांग



हिमाचल प्रदेश के नगरोटा बगवां उपमंडल की बड़ोह तहसील में लंबे समय से खाली पड़े तहसीलदार पद को अब भर दिया गया है। शुक्रवार को लडभड़ोल की तहसीलदार रहीं मेघना गोस्वामी ने बड़ोह तहसील में अपना कार्यभार संभाल लिया।

कार्यभार ग्रहण करते ही मेघना गोस्वामी ने कहा कि जनता से जुड़े सभी राजस्व कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी और लंबित मामलों को शीघ्र निपटाया जाएगा। उनका उद्देश्य है कि लोगों को तहसील स्तर पर कोई परेशानी न हो और सेवा में पारदर्शिता और गति लाई जा सके।

बड़ोह तहसील में तहसीलदार की नियुक्ति को लेकर स्थानीय लोगों ने संतोष जताया है। बड़ोह यूथ कांग्रेस चंगर क्षेत्र के उपाध्यक्ष अजय सिंह, आरुष कुमार, समाजसेवी बलवंत सिंह, दलीप सिंह, राजेश राणा, बंटू और अन्य पंचायत प्रतिनिधियों ने विधायक और पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष आरएस बाली का आभार प्रकट किया है। उन्होंने कहा कि इस नियुक्ति से आम जनता को बहुत राहत मिलेगी, जो राजस्व कार्यों के लिए इधर-उधर भटक रहे थे।

हालांकि अब भी नायब तहसीलदार का पद खाली है, जिसे लेकर लोगों ने कैबिनेट रैंक मंत्री आरएस बाली से अनुरोध किया है कि जल्द से जल्द इस पद की भी पूर्ति की जाए, ताकि बड़ोह तहसील के राजस्व तंत्र को पूरी तरह से सशक्त बनाया जा सके।