➤ हिमाचल में फिर शुरू हुई किन्नर कैलाश यात्रा, 4 दिन बाद मिली प्रशासन से मंजूरी
➤ कोलडैम से दोबारा पानी छोड़ा गया, सतलुज का जलस्तर 5 मीटर तक बढ़ा
➤ 135 मौतें, 1247 करोड़ का नुकसान, बारिश ने हिमाचल में मचाई भारी तबाही
हिमाचल प्रदेश में लगातार बारिश के कहर के बीच भगवान शिव की पवित्र किन्नर कैलाश यात्रा एक बार फिर शुरू हो गई है। बीते 4 दिन पहले भारी बारिश के चलते यात्रा स्थगित कर दी गई थी, लेकिन अब मौसम के सुधार के बाद किन्नौर प्रशासन ने अनुमति दे दी है। देशभर से श्रद्धालु इस कठिन पैदल यात्रा में हिस्सा लेने पहुंच रहे हैं।
वहीं दूसरी ओर, राज्य में बांधों से लगातार पानी छोड़े जाने से सतलुज नदी का जलस्तर खतरनाक रूप से बढ़ रहा है। सोमवार सुबह बिलासपुर में कोलडैम से सुबह 7:30 बजे पानी छोड़ा गया, जिससे नदी का जलस्तर 4 से 5 मीटर तक बढ़ गया। प्रशासन ने बिलासपुर से लेकर पंजाब तक के लोगों को अलर्ट किया है कि वे नदी के किनारे न जाएं।

बीते रविवार को कोलडैम, कड़छम, और झाखड़ी से भी पानी छोड़ा गया था। बीते 3 दिन से हो रही लगातार बारिश से बांधों का जलस्तर बढ़ता जा रहा है, जिससे प्रोजेक्ट्स को बार-बार पानी छोड़ना पड़ रहा है। इससे 650 मेगावाट तक बिजली उत्पादन प्रभावित हुआ है क्योंकि तेज बारिश के चलते सिल्ट (गाद) की मात्रा बढ़ गई है।
मौसम विभाग ने सोमवार सुबह एक नया अलर्ट बुलेटिन जारी किया है जिसमें बताया गया कि ऊना, हमीरपुर, बिलासपुर, मंडी, कांगड़ा और चंबा जिलों में दोपहर 12 बजे तक तेज बारिश हो सकती है। वहीं, शिमला व आसपास के क्षेत्रों के लिए धुंध का यलो अलर्ट जारी किया गया है। 26 जुलाई को केवल सिरमौर जिले के लिए चेतावनी जारी की गई है।

इस बीच राज्य में भारी बारिश से तबाही का आंकड़ा भी बढ़ता जा रहा है। अब तक 135 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि 34 लोग अब भी लापता हैं। 27 मौतें तो सिर्फ फ्लैश फ्लड, बादल फटने और लैंडस्लाइड की वजह से हुई हैं। पूरे राज्य में 397 मकान पूरी तरह से तबाह हो चुके हैं और 797 को आंशिक क्षति पहुँची है। इसके अलावा 1037 गौशालाएं और 277 दुकानें भी नष्ट हो गई हैं।
हिमाचल में अब तक 1247 करोड़ रुपए की सरकारी और निजी संपत्ति का नुकसान आंका गया है। बारिश के चलते 375 सड़कें, 326 ट्रांसफॉर्मर, और 314 पेयजल योजनाएं भी ठप पड़ी हैं।
प्रदेशभर में बारिश के चलते तापमान में भारी गिरावट भी दर्ज की गई है। राज्य का औसत अधिकतम तापमान 4.1 डिग्री तक गिर गया है। चंबा में तापमान सामान्य से 8.1 डिग्री नीचे 25.9 डिग्री, कांगड़ा में 7.5 डिग्री गिरकर 25.5 डिग्री, बिलासपुर में 5.8 डिग्री गिरकर 26.6 डिग्री, मनाली में 4.9 डिग्री गिरकर 20.4 डिग्री, सोलन में 4.7 डिग्री गिरकर 23.5 डिग्री और शिमला में 3.2 डिग्री गिरकर 19.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है।
प्रदेश प्रशासन लोगों से अपील कर रहा है कि वे यात्रा, नदी किनारे और पहाड़ी क्षेत्रों में अत्यधिक सतर्कता बरतें, ताकि आगे कोई जानमाल का नुकसान न हो।



