➤ शिमला जिले में सेब ढुलाई के लिए नई दरें अधिसूचित
➤ दरें ट्रक, पिकअप और टाटा 407 जैसे वाहनों के लिए तय की गईं
➤ अधिक वसूली करने वालों पर होगी सख्त कानूनी कार्रवाई
पराक्रम चंद, शिमला
शिमला जिले में सेब सीजन की शुरुआत के साथ ही प्रशासन ने सेब ढुलाई दरों को लेकर स्पष्ट निर्देश जारी कर दिए हैं। उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप ने अधिसूचना जारी करते हुए बताया कि वर्ष 2025 के लिए सेब पेटियों की ढुलाई दरों को वजन और दूरी के अनुसार तय कर दिया गया है ताकि बागवानों से अनुचित वसूली न हो।
नई अधिसूचना के अनुसार दिल्ली तक ट्रक और अन्य बड़े वाहनों के लिए दर 90 पैसे प्रति किलोमीटर प्रति क्विंटल, चंडीगढ़ तक 1 रुपए 30 पैसे, पिकअप (4 पहिया) से 20 किलोमीटर तक की ढुलाई के लिए 2 रुपए 30 पैसे और 20 किलोमीटर से अधिक की दूरी के लिए 2 रुपए 50 पैसे तय की गई है। वहीं आयशर 4 पहिया (टाटा 407) के लिए यह दर 1 रुपए 30 पैसे प्रति किलोमीटर प्रति क्विंटल रखी गई है।
उपायुक्त ने साफ किया कि ये दरें प्रति किलोमीटर और प्रति क्विंटल के हिसाब से लागू होंगी। किसी भी वाहन ऑपरेटर यूनियन द्वारा यदि इन दरों से अधिक राशि वसूली जाती है तो संबंधित यूनियन के खिलाफ कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
प्रशासन ने बागवानों से भी अपील की है कि वे निर्धारित दरों से अधिक कोई राशि न दें और यदि उनसे अधिक वसूली की जाती है तो इसकी शिकायत संबंधित उपमंडल अधिकारी या आरटीओ कार्यालय में दर्ज करवाएं। इससे न केवल सेब व्यापार में पारदर्शिता बनी रहेगी, बल्कि शोषण पर भी अंकुश लगेगा।



