➤ फिलहाल अस्थायी कार्यालय, भविष्य में स्थायी ठिकाने की योजना
➤ कांगड़ा को पर्यटन राजधानी बनाने की दिशा में बड़ा कदम
हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम (एचपीटीडीसी) अब नए ठिकाने से अपना संचालन करेगा। यह जानकारी निगम के अध्यक्ष और पर्यटन विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष (कैबिनेट रैंक) आर.एस. बाली ने दी। उन्होंने बताया कि एचपीटीडीसी का नया कार्यालय अब धर्मशाला स्थित ऐतिहासिक कश्मीर हाउस से संचालित किया जाएगा। इस मौके पर निगम के एमडी राजीव कुमार और एजीएम कैलाश ठाकुर भी उपस्थित रहे।
आर.एस. बाली ने स्पष्ट किया कि यह कार्यालय फिलहाल अस्थायी तौर पर संचालित होगा, लेकिन निकट भविष्य में इसे स्थायी ठिकाना प्रदान किया जाएगा। उन्होंने इसे कांगड़ा जिला के लिए गर्व की बात बताते हुए कहा कि यह कदम कांगड़ा को पर्यटन राजधानी बनाने की दिशा में एक मजबूत पहल है। उन्होंने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कांगड़ा को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने के लिए सरकार ने अनेक बड़े निर्णय लिए हैं।
इन फैसलों में बनखंडी में विश्व स्तरीय चिड़ियाघर, नगरोटा में देश का सबसे बड़ा फाउंटेन, और कई अन्य परियोजनाएं शामिल हैं, जिनका निर्माण कार्य शीघ्र आरंभ किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि अब एचपीटीडीसी के समस्त अधिकारी और कर्मचारी धर्मशाला में बैठकर पूरे प्रदेश की पर्यटन नीतियों का संचालन करेंगे।
आर.एस. बाली ने कहा कि कांगड़ा जिला प्राकृतिक सौंदर्य और पर्यटक आकर्षण स्थलों से परिपूर्ण है। यहां के गांवों में छिपी प्राकृतिक विविधताएं और सांस्कृतिक विशेषताएं राज्य और देश के पर्यटकों के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय सैलानियों को भी अपनी ओर खींच सकती हैं।
नगरोटा बगवां में आयोजित होने वाले बाल मेले के कार्यों की समीक्षा करते हुए उन्होंने स्वर्गीय जीएस बाली को भी याद किया और कमेटी के सदस्यों के साथ स्थानीय लोगों की समस्याओं को सुना। उन्होंने विश्वास दिलाया कि आने वाले कुछ वर्षों में कांगड़ा जिला पर्यटन के क्षेत्र में हिमाचल की पहचान को नई ऊँचाइयाँ देगा।



