➤ 25–26 जुलाई को नगरोटा बगवां में होगा मेगा रोजगार मेला
➤ 30 से अधिक देश–विदेश की नामी कंपनियाँ 3000 पदों के लिए करेंगी साक्षात्कार
➤ 8वीं पास से लेकर पोस्ट ग्रेजुएट तक के युवाओं को मिलेगा सुनहरा मौका
नगरोटा बगवां में 25 और 26 जुलाई को आयोजित होने जा रहा बाल मेला इस बार युवाओं के लिए बेरोजगारी से राहत लेकर आएगा। स्वर्गीय जीएस बाली के जन्मदिवस पर आयोजित होने वाले इस वार्षिक आयोजन को उनके पुत्र आरएस बाली, जो कि हिमाचल पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष हैं, लगातार नये आयाम दे रहे हैं। उन्होंने युवाओं के रोज़गार को केंद्र में रखकर इस बार बाल मेले में तीसरे मेगा रोजगार मेले का आयोजन तय किया है।
इस मेले में श्रम, रोज़गार एवं विदेशी नियोजन विभाग और बाल मेला कमेटी नगरोटा बगवां के सहयोग से राजकीय महाविद्यालय, नगरोटा बगवां में रोजगार मेला सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक चलेगा। क्षेत्रीय रोजगार अधिकारी अक्षय कुमार और रोजगार कोऑर्डिनेटर अमित सूद ने बताया कि अब तक 30 से अधिक कंपनियों ने पंजीकरण करवाया है और वे 3 हजार पदों पर भर्ती करेंगी। आने वाले दिनों में यह संख्या और बढ़ने की उम्मीद है।
खास बात यह है कि इस मेले में 8वीं पास से लेकर मास्टर डिग्री धारकों तक के लिए मौके उपलब्ध होंगे। सन फार्मा, स्वराज, एचडीएफसी, पी एंड जी, वर्धमान, महिंद्रा, सोनालिका, स्मार्ट बाजार, होटल इंडस्ट्री, सिक्योरिटी कंपनियाँ जैसी बड़ी कंपनियाँ भाग लेंगी। हर अभ्यर्थी को उसके कौशल अनुसार वेतन और पद मिलेगा।
इच्छुक युवा अपने साथ दो पासपोर्ट साइज फोटो, शैक्षणिक प्रमाणपत्रों की मूल व प्रतियाँ, निवास प्रमाणपत्र, बायोडाटा, और यदि हो तो अनुभव प्रमाणपत्र साथ लाकर मेले में भाग लें। अधिक जानकारी के लिए मोबाइल नंबर 7888747042 या फोन नंबर 01892-224892 पर संपर्क किया जा सकता है।



