Follow Us:

डूबते दोस्‍त को बचाने BBMB नहर में कूदा युवक, दोनों डूबे, शवों की तलाश जारी

➤ मंडी में बीबीएमबी नहर में दो युवक डूबे, देर रात की घटना
➤ एक युवक नहर में उतरा, दूसरा बचाने कूदा, दोनों लापता
➤ पुलिस और एनडीआरएफ सर्च ऑपरेशन में जुटे, तीसरा दोस्त हिरासत में



हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। भाखड़ा ब्यास सतलुज प्रबंधन बोर्ड (BBMB) की नहर में शुक्रवार देर रात दो युवक बह गए। यह हादसा उस समय हुआ जब तीन दोस्त पार्टी मनाकर वापस लौट रहे थे और रास्ते में बग्गी चौक के पास नहर किनारे रुके

जानकारी के अनुसार, तीनों युवकों ने पहले नहर किनारे बैठकर जश्न मनाया और फिर वहां से निकलने लगे। तभी एक युवक नहर में उतर गया, जहां पांव फिसलने से वह डूबने लगा। उसे डूबता देख उसका दोस्त उसे बचाने के लिए कूद गया, लेकिन तेज बहाव दोनों को अपने साथ बहा ले गया

दोस्तों को डूबता देख तीसरा युवक घबरा गया और उसने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और प्रारंभिक जांच में सूचना देने वाले युवक को हिरासत में लिया गया है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घटना वास्तव में कैसे घटी और क्या पूरी जानकारी सटीक है

घटना की सूचना मिलते ही एनडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंच गई है। प्रशासन की ओर से नहर में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है, लेकिन अब तक डूबे युवकों का कोई सुराग नहीं लग पाया है।

डूबे युवकों की पहचान आशीष गौतम (बिलासपुर निवासी) और सुधीर (सुंदरनगर के पुराने बाजार का निवासी) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि आशीष सुंदरनगर में एक बैंक में नौकरी करता था, और सुधीर के घर पर किराये पर रहता था

घटना से इलाके में शोक की लहर है। तीसरा युवक, हरजीत, लोहार पंचायत का रहने वाला है। लोहार पंचायत के प्रधान पन्नालाल ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि उन्होंने बल्ह पुलिस से संपर्क कर स्थिति की जानकारी ली है।

प्रशासन और रेस्क्यू टीमें पानी के तेज बहाव और नहर की गहराई के चलते मुश्किल हालातों में तलाश कर रही हैं। यह घटना एक बार फिर इस बात की चेतावनी देती है कि नहरों व जल स्रोतों के पास लापरवाही कितनी भारी पड़ सकती है