Follow Us:

स्व. जीएस बाली की जयंती पर नगरोटा में साकार हुआ युवाओं के रोजगार का सपना

स्व. जीएस बाली की जयंती पर नगरोटा में मेगा रोजगार मेला आयोजित
1225 युवाओं ने किया पंजीकरण, 525 को मिला नौकरी का अवसर
आरएस बाली बोले, रोजगार दिलाने की नींव स्वर्गीय जीएस बाली ने रखी थी


नगरोटा बगवां। विकास पुरुष स्व. जीएस बाली की जयंती पर नगरोटा बगवां डिग्री कॉलेज परिसर में दो दिवसीय मेगा रोजगार मेले का आयोजन किया गया, जो युवाओं के लिए सुनहरा अवसर साबित हुआ। इस मेले में कुल 1225 युवाओं ने पंजीकरण करवाया और विभिन्न कंपनियों ने 525 युवाओं का चयन मौके पर ही किया। यह मेला न केवल रोजगार का साधन बना, बल्कि स्व. बाली की दूरदृष्टि और युवा-हितैषी सोच का प्रतीक भी रहा।

मेले के दूसरे दिन उद्घाटन हिमाचल प्रदेश सेंट्रल यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर प्रो. सत प्रकाश बंसल ने किया। उन्होंने आयोजन के लिए बाल मेला कमेटी को बधाई दी और कहा कि युवाओं को घर-द्वार पर रोजगार दिलाने की यह पहल सराहनीय है।

इस अवसर पर पर्यटन निगम के अध्यक्ष व कैबिनेट रैंक मंत्री आरएस बाली ने स्व. बाली को याद करते हुए कहा कि हिमाचल में बेरोजगारी भत्ते की शुरुआत हो या स्थानीय स्तर पर रोजगार मेलों की अवधारणा, यह सब स्व. जीएस बाली के विजन का ही परिणाम है। उन्होंने बताया कि नगरोटा विधानसभा क्षेत्र में हर वर्ष दो बार रोजगार मेले आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि युवाओं को बिना किसी सिफारिश या रिश्वत के सीधे कंपनियों से जोड़कर रोजगार दिलाया जा सके।

आरएस बाली ने जानकारी दी कि अगले पांच वर्षों में क्षेत्र के 5000 युवाओं को रोजगार दिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि पर्यटन के क्षेत्र में भी रोजगार की असीम संभावनाएं हैं, जिन्हें स्व. बाली ने हमेशा पहचाना और उस दिशा में ठोस कदम उठाए।

कार्यक्रम में जिला रोजगार अधिकारी अक्षय, कोऑर्डिनेटर अमित सूद, बाल मेला कमेटी के सदस्य, विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में बच्चे व युवा उपस्थित रहे।