Follow Us:

सरकार ने जारी की अधिसूचना, शिमला से धर्मशाला शिफ्ट होगा HPTDC मुख्यालय

HPTDC मुख्यालय के स्थानांतरण की अधिसूचना जारी
धर्मशाला बनेगा पर्यटन निगम का नया संचालन केंद्र
आरएस बाली की पहल लाई रंग, निर्णय पर लगी अंतिम मुहर



हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम (HPTDC) के मुख्यालय को शिमला से स्थानांतरित कर धर्मशाला ले जाने की अधिसूचना जारी कर दी गई है। सरकार ने इस फैसले पर अब विधानिक मुहर भी लगा दी है। यह निर्णय पर्यटन विकास बोर्ड के अध्यक्ष आरएस बाली की दूरदर्शी सोच और लंबे प्रयासों का परिणाम है, जिनका मुख्य उद्देश्य धर्मशाला को पर्यटन हब के रूप में विकसित करना रहा है। यह निर्णय न केवल कांगड़ा बल्कि समूचे निचले हिमाचल के लिए एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

धर्मशाला में अब HPTDC का संचालन और प्रशासनिक कार्य पूर्ण रूप से संचालित किया जाएगा। अधिसूचना के अनुसार, निगम के सभी उच्चाधिकारी, नीति-निर्धारण और योजनाओं के निर्माण संबंधी कार्य धर्मशाला से ही संचालित होंगे। सरकार की यह पहल क्षेत्रीय संतुलन, नए रोजगार के अवसर और पर्यटन के समान विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। इस निर्णय से कांगड़ा जिले में आर्थिक गतिविधियों में तेजी, अधिक पर्यटक आवागमन, और स्थानीय युवाओं के लिए अवसरों में बढ़ोतरी की उम्मीद जताई जा रही है।

यह केवल स्थानांतरण नहीं, बल्कि एक परिवर्तनकारी पहल है जो स्मार्ट टूरिज्म इंफ्रास्ट्रक्चर, डिजिटल गवर्नेंस और नई परियोजनाओं के क्रियान्वयन को गति देगी।  धर्मशाला की पहचान अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट, उच्च हिमालयी संस्कृति और बौद्ध पर्यटन केंद्र के रूप में है, जिससे इसे राज्य पर्यटन के केंद्र में लाना स्वाभाविक और रणनीतिक निर्णय है। शिमला में निगम का एक कार्यालय बना रहेगा, लेकिन संचालन केंद्र अब धर्मशाला में होगा।

धर्मशाला में ऑफिस के लिए स्थान, इन्फ्रास्ट्रक्चर तैयारियां और स्टाफ स्थानांतरण की प्रक्रिया शीघ्र आरंभ की जाएगी। पर्यटन और नागरिक समाज दोनों स्तरों पर इस निर्णय का स्वागत किया गया है, और इसे विकेंद्रीकरण की दिशा में एक मजबूत कदम माना जा रहा है।