➤ कांग्रेस पर भाजपा का हमला तेज
➤ आपदा के बीच एफआईआर को लेकर घमासान
➤ श्रीकांत शर्मा बोले- यह सुक्खू सरकार के ताबूत की आखिरी कील
भाजपा प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा ने मंडी में विरोध-प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के डीएनए में अहंकार और तानाशाही भरी हुई है, अपमान करना उसकी राजनीतिक परंपरा रही है। शर्मा ने कहा कि सराज में भाजपा कार्यकर्ताओं पर जो झूठी एफआईआर दर्ज की गई है, वह सुक्खू सरकार के ताबूत में आखिरी कील साबित होगी।

उन्होंने चेतावनी दी कि प्रदेश की जनता इस तानाशाही का एक-एक दिन का हिसाब लेगी। राहुल गांधी को आड़े हाथों लेते हुए शर्मा बोले कि वह आए दिन देश की सेना और सम्मान का अपमान करते हैं और सुप्रीम कोर्ट तक से इस पर फटकार खा चुके हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा युवाओं की पार्टी है, जो न तो रुकेगी, न झुकेगी।

श्रीकांत शर्मा ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार के पास आपदा पीड़ितों के लिए कोई पैसा नहीं है, लेकिन नेशनल हेराल्ड जैसे संस्थानों को सरकारी विज्ञापन देने के लिए बजट मौजूद है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा सत्ता का दुरुपयोग करती रही है और अब तिरंगे के अपमान के फर्जी आरोपों से भाजपा कार्यकर्ताओं को डराया जा रहा है।
इस मौके पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने भी कांग्रेस सरकार पर करारा वार किया। उन्होंने कहा कि सरकार ने एफआईआर उन लोगों पर दर्ज की है जिनका सब कुछ इस त्रासदी में उजड़ गया। उन्होंने कहा कि जब तक ये मुकदमे वापस नहीं होंगे, भाजपा हर बूथ पर सरकार के खिलाफ जंग छेड़ेगी।

नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने इस मामले को और गंभीर बताते हुए कहा कि राष्ट्रीय ध्वज के अपमान तक की एफआईआर की गई है। उन्होंने कटाक्ष किया कि शायद सरकार उनके नाम को भी एफआईआर में शामिल करना चाहती है, इसलिए क्रमांक खाली छोड़ दिया गया है।

ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में 2,000 करोड़ का नुकसान हुआ है लेकिन बजट में इसका कोई ठोस प्रावधान नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि दानी सज्जनों की ओर से दी गई JCB और पोकलेन मशीनों के बिल कांग्रेस नेता उपायुक्त से जबरन पास करवाना चाह रहे हैं। ठाकुर ने मांग की कि मुख्यमंत्री तुरंत आदेश दें कि ये झूठी एफआईआर रद्द की जाएं।



