➤ दवाड़ा फ्लाईओवर क्षतिग्रस्त, एनएचएआई के सामने बड़ी चुनौती
➤ चंडीगढ़-मनाली हाईवे फिर बंद, यात्रियों को झेलनी पड़ी मुश्किलें
➤ हिमाचल पुलिस कर रही 24 घंटे ड्यूटी, प्रशासन ने की अपील
चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे पर करोड़ों से बने फलाइओवर में बड़ी दरार आ गई है। बताया जा रहा ळै कि यह दरार भारी भरकम चट्टाने गिरने से आई हैं। वहीं इतने बड़े प्रोजेक्ट में निर्माण कार्य को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। यहां से फिलहाल आवाजाही बंद हो गई है।
दवाड़ा के पास हुए भारी भूस्खलन के चलते फ्लाईओवर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। भारी चट्टानों और मलबे के गिरने से न केवल सड़क पर यातायात पूरी तरह से बाधित हुआ है, बल्कि एक तेल टैंकर भी इसकी चपेट में आ गया है।
इस गंभीर स्थिति ने नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एनएचएआई) के सामने बड़ी चुनौती खड़ी कर दी है। 2700 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बन रहा यह महत्वाकांक्षी फोरलेन प्रोजेक्ट, खासकर मंडी से आगे का हिस्सा, लगातार भूस्खलन की मार झेल रहा है।
जगह-जगह लैंडस्लाइड्स के कारण सड़क व्यवस्था चरमराई हुई है। प्रशासन और पुलिस के प्रयासों के बावजूद यात्रियों को घंटों जाम में फंसे रहना पड़ रहा है। इस आपात स्थिति में हिमाचल पुलिस के जवान पूरी मुस्तैदी से डटे हुए हैं और यात्रियों को सुरक्षित निकालने के लिए दिन-रात ड्यूटी पर तैनात हैं।
प्रशासन ने जनता से अपील की है कि जब तक स्थिति सामान्य न हो, बिना अत्यंत आवश्यक कारण के पहाड़ी इलाकों की यात्रा से बचें। यह हादसा एक बार फिर यह दर्शाता है कि हिमाचल की भौगोलिक परिस्थितियों के अनुरूप बुनियादी ढांचे की मजबूती और सतत निगरानी कितना आवश्यक है।



